लखनऊ. PET-2023 के तहत 3284 लंबित जूनियर असिस्टेंट पदों की भर्ती प्रक्रिया को लेकर बुधवार को अभ्यर्थियों का धैर्य जवाब दे गया. लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ने से नाराज सैकड़ों अभ्यर्थी हाथों में पोस्टर लेकर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के आवास पहुंच गए और घेराव कर प्रदर्शन किया. अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी कराने और परिणाम जारी करने की मांग उठाई.

इसे भी पढ़ें- राम मंदिर ट्रस्ट में आज होगा बड़ा फैसला! पहली बार नियुक्त होगा CEO, बैठक में इन पदों पर भी मंथन

लंबे इंतजार के बाद सड़क पर उतरे अभ्यर्थी

प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों का कहना था कि PET-2023 के तहत 3284 जूनियर असिस्टेंट पदों की भर्ती प्रक्रिया लंबे समय से लंबित है. प्रक्रिया में देरी के कारण हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में है. अभ्यर्थियों ने सरकार से भर्ती को जल्द आगे बढ़ाने की मांग की. हाथों में पोस्टर लेकर पहुंचे अभ्यर्थियों ने साफ कहा कि अब उन्हें सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि भर्ती प्रक्रिया में ठोस प्रगति चाहिए. उनका कहना था कि परिणाम जारी होने के बाद टाइपिंग टेस्ट समेत आगे की प्रक्रिया पूरी की जाए.

प्रदर्शन की खबर मिलते ही बाहर आए डिप्टी सीएम

अभ्यर्थियों के प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक आवास से बाहर आए और प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों से मुलाकात की. उन्होंने उनकी समस्याएं सुनीं और भर्ती में हो रही देरी को लेकर उनकी बात समझी. डिप्टी सीएम ने अभ्यर्थियों को जल्द समाधान का आश्वासन दिया. इसके बाद उन्होंने आयोग के अध्यक्ष से अभ्यर्थियों की फोन पर बातचीत भी कराई.

आयोग अध्यक्ष से कराई फोन पर बात

डिप्टी सीएम की मौजूदगी में अभ्यर्थियों ने आयोग से भर्ती प्रक्रिया की स्थिति को लेकर अपनी मांग रखी. अभ्यर्थियों ने कहा कि परिणाम जल्द जारी किया जाए और उसके बाद टाइपिंग टेस्ट की प्रक्रिया शुरू कराई जाए, ताकि भर्ती आगे बढ़ सके. आयोग के अध्यक्ष से बातचीत होने के बाद प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों को उम्मीद जगी कि उनकी मांग पर जल्द कार्रवाई हो सकती है.

इसे भी पढ़ें- यूपी के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह को स्वाइन फ्लू, आवास पर चल रहा इलाज; प्रदेश में 685 केस से बढ़ी चिंता

चुनाव से पहले भर्ती पूरी कराने की मांग

अभ्यर्थियों ने सरकार से मांग की कि चुनाव से पहले 3284 जूनियर असिस्टेंट पदों की पूरी भर्ती प्रक्रिया को हर हाल में पूरा कराया जाए. उनका कहना है कि लंबे समय से इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को जल्द परिणाम और नियुक्ति की दिशा में आगे बढ़ने का मौका मिलना चाहिए. प्रदर्शन के दौरान डिप्टी सीएम से मुलाकात और आयोग के अध्यक्ष से बातचीत के बाद अभ्यर्थी शांत हुए. अब उनकी नजर भर्ती प्रक्रिया को लेकर होने वाली अगली कार्रवाई पर है.