लखनऊ. राजधानी के सिविलकोर्ट में रविवार को बुलडोजर गरजा. नगर निगम की टीम ने यहां सड़क के किनारे बने वकीलों के चैंबर्स को जमींदोज कर दिया. जिसमें 100 चेंबर्स इस कार्रवाई की जद में आए. इस दौरान कुछ वकीलों ने इसका विरोध भी किया. निगम का अमला तब भी नहीं रुका. जिसके बाद मौके पर मौजूद वकीलों ने नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी.
बता दें कि अतिक्रमण का ये मामला इलाहाबाद हाई कोर्ट पहुंचा और हाईकोर्ट ने इन चैंबर को हटाने के निर्देश दिए थे. उच्च न्यायालय के निर्देशों का पालन करते हुए नगर निगम की टीम ने 250 चैंबरों को चिन्हित किया है. जिसके तहत पहले दिन रविवार को नगर निगम की टीम ने 100 चैंबरों को ध्वस्त किया. अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में अन्य चैंबर भी हटाए जाएंगे.
इसे भी पढ़ें : UP में Work from home : हफ्ते में दो दिन घर से करना होगा काम, श्रम विभाग की बैठक में हुआ निर्णय
नगर अमले के कोर्ट परिसर पहुंचते ही बड़ी संख्या में वकील मौके पर पहुंचे गए और नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी. इस दौरान मौके पर पुलिस बल तैनात रहा. नगर आयुक्त के मुताबिक यह कार्रवाई अपर नगर आयुक्त पंकज सिंह के नेतृत्व में की गई.
कार्रवाई के दौरान दोनों पक्षों में बहसबाजी भी हुई. इस दौरान हंगामा कर रहे वकीलों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया. वहीं दूसरी तरफ एक वकील ने खुद को चैंबर में बंद कर लिया. उसने कहा कि हमे कोई नोटिस नहीं मिली है. सिर्फ चैंबर तोड़े जा रहे हैं.

