लखनऊ. राजधानी लखनऊ में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया. बख्शी का तालाब (बीकेटी) क्षेत्र के सरैया मोड़ के पास मारुति जेन कार में अचानक आग लग गई, जिसमें एक युवक की जिंदा जलकर मौत हो गई. आग इतनी भयावह थी कि दमकल कर्मियों के पहुंचने तक कार पूरी तरह जल चुकी थी और अंदर युवक का सिर्फ कंकाल बचा था.

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया. कार के अंदर ड्राइविंग सीट पर युवक का जला हुआ शव मिला.

इसे भी पढ़ें- अंकित कश्यप हत्याकांड के बाद बवाल! पुलिस पर पथराव मामले में 33 पर FIR, 3 दरोगा घायल

ड्राइविंग सीट पर फंसा मिला शव, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

एसीपी विकास पांडेय के मुताबिक, रात करीब 11:30 बजे हाईवे पर कार में आग लगने की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि कार पूरी तरह जल रही थी. आग बुझाने के बाद जब दरवाजा खोला गया तो ड्राइविंग सीट पर एक व्यक्ति का शव मिला. शुरुआती जांच में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी. इसके बाद फॉरेंसिक टीम को बुलाकर मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कार में आग चलती हालत में लगी थी या वाहन पहले से खड़ा था.

कार नंबर से हुई पहचान, 32 वर्षीय अलमाश की मौत की पुष्टि

पुलिस ने कार के नंबर प्लेट UP 32 CS 0626 के आधार पर वाहन मालिक की जानकारी जुटाई. जांच में पता चला कि कार खुर्रमनगर निवासी हमीदुल के बेटे अलमाश के नाम पर दर्ज है. परिजनों से संपर्क करने के बाद पुष्टि हुई कि कार के अंदर मिला शव 32 वर्षीय अलमाश का ही है. पुलिस अब परिजनों से पूछताछ कर रही है और आग लगने के कारणों की जांच में जुटी है.

आशियाना में लावारिस कार से मिला दूसरा शव, जांच में जुटी पुलिस

इसी रात लखनऊ के आशियाना थाना क्षेत्र में भी एक कार से शव मिलने का मामला सामने आया. सालेहनगर चौराहे पर पिछले तीन दिनों से खड़ी लावारिस स्विफ्ट डिजायर कार से तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने कार की तलाशी ली तो अंदर एक व्यक्ति का शव मिला. पुलिस के अनुसार कार का नंबर UP 33 BB 8989 है.

इसे भी पढ़ें- ‘कृष्ण नहीं कंसवंशी हैं अखिलेश’ ओमप्रकाश राजभर का तीखा हमला, गाजीपुर-अमेठी हत्याकांड पर मचा सियासी घमासान

मृतक की पहचान रायबरेली के निरालानगर निवासी ज्ञानेंद्र सिंह के रूप में हुई है. पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन घटनाओं के पीछे हादसा है या कोई अन्य कारण.