लखनऊ. पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 8वीं पुण्यतिथि पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की. लोकभवन में अटल जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए योगी ने कहा कि अटल जी का पूरा जीवन ‘राष्ट्रप्रथम’ की भावना का जीवंत उदाहरण था. उन्होंने उत्तर प्रदेश शासन और प्रदेश की जनता की ओर से अटल जी के श्रीचरणों में विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की.
इसे भी पढ़ें- UP में रानी अवंतीबाई लोधी के नाम पर महिला PAC बटालियन, CM योगी बोले- वीरांगनाओं का सम्मान हमारी जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री ने अटल बिहारी वाजपेयी के सार्वजनिक जीवन की शुरुआत से लेकर प्रधानमंत्री पद तक की यात्रा को विस्तार से याद किया. उन्होंने कहा कि अटल जी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नेतृत्व में कश्मीर में अनुच्छेद 370 लगाने के विरोध में चले सत्याग्रह से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की थी. सांसद, विदेश मंत्री, नेता प्रतिपक्ष, भारतीय जनसंघ और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने हमेशा राष्ट्र को सर्वोपरि रखा.
राष्ट्रप्रथम की भावना थी अटल जी का जीवन मंत्र
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अटल जी चाहे सांसद रहे हों या प्रधानमंत्री, नेता प्रतिपक्ष रहे हों या नेता सदन, सामान्य कार्यकर्ता रहे हों या राष्ट्रीय अध्यक्ष, उनका ध्येय एक ही था- राष्ट्रप्रथम। जब भी आवश्यकता पड़ी, उन्होंने दल से ऊपर देश को महत्व दिया. आपातकाल के दौरान उन्होंने भारतीय जनसंघ को जनता पार्टी में विलय कर देश को आपातकाल से मुक्ति दिलाने के आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई.
युद्धों में भी देश के साथ खड़े रहे अटल जी
मुख्यमंत्री ने बताया कि 1962, 1965 और 1971 के युद्धों के दौरान अटल जी ने सरकार को कठघरे में खड़ा करने के बजाय एक जिम्मेदार सांसद के रूप में सरकार के साथ खड़े होकर राष्ट्र की सुरक्षा को मजबूती दी. देश की सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने हमेशा राष्ट्रहित को प्राथमिकता दी. अटल जी जितने सरल और सहज थे, उतने ही अपने इरादों में अटल भी थे.
कारगिल संघर्ष और परमाणु शक्ति का दृढ़ संकल्प
योगी ने कारगिल संघर्ष का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया ने अटल जी के दृढ़ संकल्प का लोहा माना था. अटल जी ने साफ कहा था कि हम पर युद्ध थोपा गया है और हम इसका मुंहतोड़ जवाब देंगे. उन्होंने दुनिया की किसी भी ताकत के सामने झुके बिना भारत को परमाणु शक्ति के रूप में स्थापित कर देश की सुरक्षा को नई ऊंचाई दी. यह उनका अटल इरादा और राष्ट्रप्रेम का प्रमाण था.
अटल जी को विनम्र श्रद्धांजलि, प्रेरणा बनी रहेगी उनकी विरासत
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज अटल जी की 8वीं पावन पुण्यतिथि है. ऐसे महामानव को प्रदेशवासियों की ओर से विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं. अटल जी की राष्ट्रनिष्ठा, लोकतांत्रिक मूल्य और आदर्श राजनीति आज भी देश को प्रेरित करती है. उनकी सोच और संकल्प विकसित भारत के निर्माण में मार्गदर्शक बने रहेंगे.
इसे भी पढ़ें- ‘खून में बदमाशी हो तो सोच नहीं बदलती’, अतीक के बेटों पर BJP नेता पूजा पाल का बड़ा हमला
कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ ने अटल जी के योगदान को याद करते हुए कहा कि वे भारतीय राजनीति के अजातशत्रु थे. उन्होंने राजनीति में नैतिकता, मर्यादा और राष्ट्र सेवा के उच्च आदर्श स्थापित किए. अटल जी की स्मृतियां हमेशा देश को राष्ट्रप्रथम की भावना से जोड़ती रहेंगी.


