लखनऊ. राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा की हिरासत के विरोध में बुधवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने राजधानी लखनऊ में जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश कार्यालय से लाठी लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सरकारी आवास (5-कालिदास मार्ग) की ओर कूच कर गए.
इसे भी पढ़ें- बारिश में नंगे पांव गुरु के दरबार पहुंचे ‘विरूष्का’, सुबह 4 बजे किए प्रेमानंद महाराज के दर्शन
प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस ने चार स्तर की बैरिकेडिंग और भारी सुरक्षा व्यवस्था की थी, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने पहली बैरिकेडिंग तोड़ दी और करीब 100 मीटर तक आगे बढ़ गए.
बैरिकेडिंग तोड़ने पर पुलिस से तीखी नोकझोंक
वक्फ बोर्ड के पास लगाए गए बैरिकेड पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और तीखी नोकझोंक हुई. दूसरी बैरिकेडिंग पर चढ़ने की कोशिश कर रहे पूर्व एमएलसी दीपक सिंह समेत कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोकते हुए नीचे उतार दिया. मौके पर काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही.
अजय राय धरने पर बैठे, फिर हिरासत
प्रदेश अध्यक्ष अजय राय बैरिकेडिंग के सामने सड़क पर धरने पर बैठ गए. इसके बाद पुलिस ने उन्हें जबरन उठाकर हिरासत में ले लिया. अजय राय के साथ दीपक सिंह सहित कई वरिष्ठ नेताओं और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस वाहनों में बैठाकर ईको गार्डन भेज दिया गया.
राहुल-प्रियंका की हिरासत के विरोध में प्रदर्शन
कांग्रेस का यह प्रदर्शन दिल्ली में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिए जाने के विरोध में आयोजित किया गया था. पार्टी का आरोप है कि केंद्र सरकार छात्रों की आवाज उठाने वाले विपक्षी नेताओं को दबाने का प्रयास कर रही है. प्रदर्शनकारियों ने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
इसे भी पढ़ें-लोकतंत्र में विरोध करना अपमान? PM आवास के बाहर राहुल के प्रदर्शन के खिलाफ उतरे भाजपाई
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
भाजपा और कांग्रेस के बीच संभावित टकराव को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे. प्रदर्शन के दौरान आसपास के लोगों ने अपने घरों की बालकनी से पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनाया.


