लखनऊ के मोहनलालगंज में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने बिना वैध पहचान पत्र के कमरा देने वाले होटल मालिक को गिरफ्तार किया है। सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी होटल मालिक को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

सतीश सिंह, लखनऊ। मोहनलालगंज में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उस होटल के मालिक को रविवार को गिरफ्तार कर लिया है, जहां पीड़िता को बिना किसी वैध पहचान पत्र के ठहराया गया था। जांच में सामने आया कि होटल संचालक ने नियमों को दरकिनार कर न केवल नाबालिग को कमरा उपलब्ध कराया, बल्कि अपराधियों की गतिविधियों पर भी कोई रोक-टोक नहीं की।

पुलिस के मुताबिक, 24 जुलाई को पीड़िता के परिजनों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 16 वर्षीय रिश्तेदार 17 जुलाई को घर से लापता हो गई थी। तलाश के दौरान पता चला कि उसे बहला-फुसलाकर कुछ लोग अपने साथ ले गए थे। पीड़िता ने बताया कि 18 से 20 जुलाई के बीच उसे पीजीआई क्षेत्र के एक होटल में रखा गया, जहां उसकी मुलाकात आरोपी द्वारिका रैदास से कराई गई। आरोप है कि होटल के कमरे में तीन दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया गया।

पांच आरोपी पहले ही गिरफ्तार

मामले में मोहनलालगंज थाने में बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस इससे पहले इस मामले में नामजद पांच आरोपियों में द्वारिका, विनोद रावत, दुर्गेश रावत, खुशबू और राबिया को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

CCTV से हुई मालिक की पहचान

विवेचना के दौरान होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। जांच में पुष्टि हुई कि नाबालिग पीड़िता और आरोपी होटल में आए थे तथा होटल मालिक दीपक गुप्ता रिसेप्शन पर मौजूद था। पुलिस का आरोप है कि उसने बिना किसी वैध पहचान पत्र के नाबालिग को कमरा दिया और संदिग्ध परिस्थितियों के बावजूद कोई सूचना पुलिस को नहीं दी।

आरोपी को भेजा गया जेल

रविवार को पुलिस ने होटल मालिक दीपक गुप्ता (42) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा कि पीड़िता और अन्य लोग उसके होटल में रुके थे तथा बाद में मुख्य आरोपी भी वहां आया था।

पुलिस का कहना है कि इस मामले में अपराधियों की मदद करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जांच अभी भी जारी है और यदि किसी अन्य की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।