लखनऊ. राजधानी लखनऊ के पेपर मिल कॉलोनी इलाके में एक हेड कॉन्स्टेबल पर अपनी पत्नी की हत्या करने का आरोप लगा है. सूचना अधिकार प्रकोष्ठ में तैनात हेड कॉन्स्टेबल हिमांशु श्रीवास्तव ने कथित तौर पर लोहे के मूसल से सिर पर वार कर पत्नी रश्मि श्रीवास्तव (40) की हत्या कर दी. हत्या के बाद वह अपने एक साल के बेटे तन्मय को गोद में लेकर घंटों इलाके में घूमता रहा. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
इसे भी पढ़ें- UP Weather Alert: 58 जिलों में बारिश का अलर्ट, 6 में बहुत भारी बारिश; 26 जिले बाढ़ की चपेट में
घर में औंधे मुंह पड़ा मिला शव
घटना की जानकारी मकान मालिक अंशुमान श्रीवास्तव को काफी देर बाद दी गई. सूचना मिलने पर महानगर पुलिस मौके पर पहुंची तो रश्मि का शव कमरे में औंधे मुंह पड़ा था. सिर और आसपास की जमीन पर खून फैला हुआ था. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. रश्मि के भाई सौरभ श्रीवास्तव की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है.
हत्या के बाद बच्चे को लेकर घूमता रहा
डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में हत्या शनिवार देर रात या रविवार तड़के किए जाने की आशंका है. पुलिस के अनुसार वारदात के बाद हिमांशु ने अपना व्यवहार सामान्य बनाए रखा. वह रविवार सुबह अपने एक साल के बेटे को गोद में लेकर कॉलोनी में घूमता रहा और लोगों से बातचीत भी करता रहा. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है. इसमें आरोपी बच्चे को लेकर घूमता और लोगों से बातचीत करता दिखाई दिया है.
हादसा बताने की कोशिश का शक
पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने हत्या को सामान्य मौत या हादसा दिखाने की कोशिश की. काफी देर बाद उसने मकान मालिक को पत्नी की मौत की जानकारी दीय पूछताछ के दौरान आरोपी के पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करने की बात भी सामने आई है. डीसीपी के मुताबिक, आरोपी जांच में सहयोग नहीं कर रहा है. पुलिस उसकी कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है. प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होने की बात सामने आई है.
इसे भी पढ़ें- बसपा से फिर निकाले जाएंगे आकाश आनंद? मायावती ने कहा अनफॉलो करो, 4 दिन में दो बार बदला बायो
परिवार ने पहले भी लगाए थे मारपीट के आरोप
रश्मि के भाई सौरभ के मुताबिक, हिमांशु और रश्मि की शादी वर्ष 2015 में हुई थी. शुरुआती समय में दोनों के रिश्ते सामान्य थे, लेकिन बाद में विवाद बढ़ने लगा. सौरभ ने आरोप लगाया कि हिमांशु पहले भी रश्मि के साथ मारपीट कर चुका था और उसे नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर चुका था. परिवार के लोगों ने दोनों को समझाकर साथ रहने के लिए राजी किया था. अब हत्या के बाद पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.



