लखनऊ. उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश और बाढ़ का कहर जारी है. सोमवार (7 सितंबर 2026) को प्रदेश के 58 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इनमें 6 जिलों में बहुत भारी और 13 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है. पिछले 24 घंटे में 54 जिलों में बारिश दर्ज की गई, जिसमें बिजनौर में सबसे ज्यादा 90 मिमी बारिश हुई.

यह भी पढ़ें- ‘मोदी हमारा भाई है’ लखनऊ में गूंजा नया नारा; बासित अली का खुला चैलेंज- ‘सपा की साइकिल कर देंगे पंक्चर

26 जिलों में बाढ़ से हालात गंभीर

प्रदेश के वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर और अयोध्या समेत 26 जिले बाढ़ की चपेट में हैं. गंगा और अन्य नदियों का जलस्तर बढ़ने से कई रिहाइशी इलाकों में पानी घुस गया है. वाराणसी में सभी 84 घाट जलमग्न हैं और मणिकर्णिका घाट पर शवदाह गृह में पानी भरने से अंतिम संस्कार में भी परेशानी हो रही है.

श्रावस्ती से बरेली तक जलभराव

श्रावस्ती में भारी बारिश के कारण बाइपास का करीब 400 मीटर हिस्सा पानी में डूब गया. बरेली में घरों के किचन और बेडरूम तक घुटनों भर पानी पहुंच गया. बिजनौर में सड़कें और गलियां तालाब बन गईं. सरकारी अस्पताल में भी 3 से 4 फीट तक पानी भरने की जानकारी सामने आई है. हमीरपुर में नहर कटने से करीब 100 बीघा फसल जलमग्न हो गई.

इसे भी पढ़ें- सलोन में सपा का प्रचंड शक्ति प्रदर्शन: पैडल पर पैर और 2027 पर निशाना, वीरेंद्र यादव बोले- ‘अबकी बार बदलाव तय’

48 घंटे बाद बदलेगा मौसम

लखनऊ के मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना बारिश का सिस्टम मध्य प्रदेश की ओर बढ़ रहा है. इसके असर से पश्चिमी यूपी में तेज बारिश जारी रहेगी. अगले 48 घंटे में पूर्वी यूपी में फिर भारी बारिश हो सकती है. 8 सितंबर के बाद सिस्टम कमजोर पड़ने से प्रदेश में बारिश लगभग थमने की संभावना है.