लखनऊ. राजधानी लखनऊ के ओमेक्स न्यू हजरतगंज स्थित होटल सेलेस्टियल में 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. युवती होटल की 10वीं मंजिल से नीचे गिर गई थी. घटना के बाद उसके साथ कमरे में ठहरा युवक फरार हो गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. युवती की मां ने युवक पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस आत्महत्या और हत्या, दोनों पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.

इसे भी पढ़ें- UP Weather: यूपी में 48 घंटे मौसम रहेगा शुष्क, 15 अक्टूबर से फिर बदलेगा मौसम; क्या जल्दी आएगी सर्दी?

सुबह होटल पहुंची थी युवती

पुलिस के मुताबिक, होटल की 10वीं मंजिल पर स्थित कमरा नंबर 1037 सोमवार (12 अक्टूबर 2026) सुबह 8:30 बजे से बुक था. सुलतानपुर निवासी अवनीश पहले कमरे में पहुंचा था. इसके बाद ठाकुरगंज निवासी समरीन (24) सुबह करीब 11:45 बजे होटल पहुंची. रात में युवती संदिग्ध हालात में मंजिल से नीचे गिर गई. तेज आवाज सुनकर होटल कर्मचारी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी.

घटना के बाद युवक होटल से फरार

सरसवां चौकी प्रभारी शुभम सिंह के अनुसार, होटल प्रबंधन ने रात करीब 8:30 बजे युवती के गिरने की सूचना दी. पुलिस जब मौके पर पहुंची, तब तक अवनीश होटल से जा चुका था. होटल के रिकॉर्ड में दर्ज मोबाइल नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन फोन स्विच ऑफ मिला. पुलिस अब युवक की तलाश कर रही है.

मां ने लगाया हत्या का आरोप

समरीन की मां ने अवनीश पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है. हालांकि, पुलिस ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि युवती खुद गिरी या उसे नीचे धकेला गया. मामले की सच्चाई जानने के लिए पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है और होटल कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है.

इसे भी पढ़ें- इलाहाबाद हाई कोर्ट का बड़ा फैसला, NCR के आधार पर नहीं रोका जा सकेगा पासपोर्ट; जानें FIR पर HC ने क्या कहा?

गले पर निशान, मोबाइल और CCTV की जांच

सूत्रों के मुताबिक, युवती के गले पर लाल निशान और शरीर पर चोटें मिली हैं. पुलिस युवती के मोबाइल फोन की भी जांच कर रही है, ताकि घटना से पहले की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके, होटल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.