लखनऊ. सावन के पवित्र महीने में रविवार को लखनऊ स्थित जन भवन परिसर भगवान शिव की भक्ति और वैदिक मंत्रों की गूंज से आध्यात्मिक रंग में रंग गया. राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से जन भवन में रुद्राभिषेक का आयोजन श्रद्धा और विधि-विधान के साथ किया गया. राज्यपाल ने स्वयं पूजा-अर्चना में शामिल होकर भगवान शिव का अभिषेक किया.
इसे भी पढ़ें- यूपी में नकली डेयरी प्रोडक्ट पर बड़ा एक्शन, पनीर-घी-खोया बेचने वालों पर सरकार की सख्ती; जानिए क्या बदला
वैदिक मंत्रों से गूंजा जन भवन परिसर
रुद्राभिषेक के दौरान पुरोहितों द्वारा वैदिक मंत्रों का उच्चारण किया गया, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा. इस धार्मिक आयोजन में जन भवन के अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिवार के सदस्य भी शामिल हुए. सभी ने सामूहिक रूप से पूजन, मंत्रोच्चारण और आरती में भाग लिया. सावन के महीने में आयोजित इस विशेष अनुष्ठान ने जन भवन परिसर में आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्ति का माहौल बना दिया.
राज्यपाल ने की अधिकारियों-कर्मचारियों से मुलाकात
पूजन कार्यक्रम संपन्न होने के बाद राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने जन भवन परिसर का भ्रमण किया. उन्होंने रुद्राभिषेक में शामिल अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका अभिवादन स्वीकार किया. राज्यपाल ने सभी से बातचीत करते हुए उनके परिवार और स्वास्थ्य का हाल जाना। उन्होंने सभी के सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की.
आत्मीय संवाद से भावुक हुए जन भवन परिवार के सदस्य
राज्यपाल की सहजता और आत्मीय व्यवहार से अधिकारी-कर्मचारी और उनके परिजन काफी प्रसन्न नजर आए. धार्मिक आयोजन के साथ-साथ यह अवसर जन भवन परिवार के सदस्यों के बीच आपसी जुड़ाव और अपनत्व बढ़ाने का माध्यम भी बना. इस दौरान मौजूद लोगों ने कहा कि ऐसे आयोजन कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच पारिवारिक भावना को मजबूत करते हैं.
इसे भी पढ़ें- अटल जी की 8वीं पुण्यतिथि पर योगी का भावुक नमन, कहा- राष्ट्रप्रथम था उनका ध्येय
कई वर्षों से चली आ रही है रुद्राभिषेक की परंपरा
गौरतलब है कि राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से जन भवन में रुद्राभिषेक आयोजन की परंपरा कई वर्षों से चली आ रही है. हर वर्ष सावन के अवसर पर जन भवन के अधिकारी-कर्मचारी अपने परिवारों के साथ इस धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होते हैं. यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामूहिक सहभागिता, सौहार्द और आपसी समन्वय का संदेश भी देता है। सावन में हुए इस रुद्राभिषेक से जन भवन परिसर पूरे दिन शिव भक्ति में डूबा रहा.


