लखनऊ. राजधानी लखनऊ में चोरी की वारदात ने एक बार फिर पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. कामता के शंकरपुरी कॉलोनी स्थित हनुमान मार्केट में बदमाशों ने ‘मां दुर्गा ज्वेलरी शॉप’ को निशाना बनाया. शटर तोड़कर दुकान में घुसे दो चोरों ने महज 6 मिनट में काउंटर और शोकेस खंगाल डाले और जेवरात से भरा बैग लेकर फरार हो गए.

इसे भी पढ़ें- सहारनपुर की घटना से सियासी भूचाल! अखिलेश बोले- दूसरों के धर्म को ठेस पहुंचाने वाले ‘असली सनातनी’ नहीं

शटर तोड़कर दुकान में घुसे दो चोर

दुकान संचालक जितेंद्र कुमार सोनी के मुताबिक, वह सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो शटर टूटा हुआ था और अंदर सामान बिखरा पड़ा था. इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली.

CCTV में दिखी 6 मिनट की पूरी वारदात

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, एक चोर टोपी लगाकर दुकान में दाखिल हुआ और तेजी से सामान समेटने लगा. कुछ ही देर बाद दूसरा नकाबपोश बदमाश बड़ा बैग लेकर अंदर पहुंचा. दोनों ने मिलकर शोकेस और काउंटर से आभूषण बैग में भरे और भाग निकले. सीसीटीवी में एक चोर कैमरे की ओर देखता हुआ भी नजर आया.

चांदी समेत आर्टिफिशियल ज्वेलरी चोरी

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में दुकान से आर्टिफिशियल पीली धातु की ज्वेलरी और करीब 200 ग्राम चांदी के आभूषण चोरी होने की बात सामने आई है. संचालक नुकसान का विस्तृत आकलन कर रहे हैं. पुलिस ने तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

इसे भी पढ़ें- योगी का सपा पर तंज: सैफई महोत्सव पर खर्च की जगह शिक्षा पर पैसा लगाते तो लाखों बच्चों का भविष्य बनता

व्यापारियों में गुस्सा, पुलिस पर सवाल

घटना के बाद हनुमान मार्केट के व्यापारियों में नाराजगी है. कारोबारियों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है. वहीं पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश की जा रही है. पुलिस जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है.