लखनऊ. राजधानी के बीकेटी थाना क्षेत्र में सोमवार 26 अक्टूबर देर शाम बड़ा सड़क हादसा हो गया. किसान पथ पर मानपुर-बामा अंडरपास के पास फॉर्मेलिन केमिकल से भरा टैंकर पलट गया. टैंकर का टायर फटने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा. हादसे के बाद सड़क पर बड़ी मात्रा में केमिकल फैल गया.

इसकी तीखी गंध करीब एक किलोमीटर के दायरे में फैल गई. आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों को आंखों, नाक, गले और त्वचा में जलन की शिकायत हुई. सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और SDRF की टीमें मौके पर पहुंच गईं.

इसे भी पढ़ें- राजा भैया को चंद्रशेखर आजाद ने बताया माफिया? अक्षय प्रताप ने दिया जवाब

टायर फटने से पलटा केमिकल से भरा टैंकर

जानकारी के मुताबिक, टैंकर हरदोई के संडीला से गुडंबा स्थित एक प्लाईवुड फैक्ट्री जा रहा था. इसी दौरान किसान पथ पर मानपुर-बामा अंडरपास के पास उसका टायर फट गया. इससे टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया. टैंकर से केमिकल का रिसाव शुरू होते ही इलाके में तेज गंध फैल गई.

पुलिस ने रास्ता बंद कर वाहनों को डायवर्ट किया

केमिकल फैलने की सूचना पर बीकेटी पुलिस, फायर सर्विस और SDRF की टीमें पहुंचीं. एहतियात के तौर पर घटनास्थल के आसपास बैरिकेडिंग कर दी गई. आम लोगों की आवाजाही रोक दी गई. किसान पथ से गुजरने वाले वाहनों को वैकल्पिक रास्तों पर भेजा गया, ताकि लोग केमिकल के संपर्क में न आएं.

केमिकल को निष्क्रिय करने में जुटी टीमें

मौके पर पुलिस, फायर विभाग, SDRF और वरुण फैक्ट्री के तकनीकी विशेषज्ञों की संयुक्त टीम ने केमिकल को निष्क्रिय करने का काम शुरू किया. स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीमें भी तैनात की गईं. अधिकारियों के मुताबिक, स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं.

इसे भी पढ़ें- UP में 3 दिन भारी बारिश का अलर्ट, 140 किमी की आंधी और बिजली गिरने का खतरा

जलन होने पर साफ पानी से धोने की सलाह

बीकेटी पुलिस ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है. आंखों या त्वचा में जलन होने पर प्रभावित हिस्से को साफ बहते पानी से अच्छी तरह धोने को कहा गया है. लोगों को घटनास्थल से दूर रहने और बचाव दल के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.