लखनऊ के इंदिरानगर थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर आनंद कुमार मिश्रा 11 अगस्त से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हैं. उनकी आखिरी मोबाइल लोकेशन वाराणसी में मिलने के बाद पुलिस टीम तलाश के लिए रवाना की गई है.
लखनऊ. इंदिरानगर थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर आनंद कुमार मिश्रा 11 अगस्त से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हैं. वह सिविल ड्रेस में घर से ड्यूटी जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन न तो थाने पहुंचे और न ही वापस घर लौटे. काफी तलाश के बाद भी सुराग नहीं मिलने पर पुलिस विभाग में तैनात उनकी पत्नी अंजलि तिवारी ने सरोजनीनगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई.
घर से ऐसे निकले
पुलिस के मुताबिक आनंद कुमार मिश्रा इंदिरानगर थाने में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात हैं. उनकी पत्नी अंजलि तिवारी भी सब-इंस्पेक्टर हैं और वर्तमान में डीसीपी मध्य कार्यालय में तैनात हैं.
अंजलि तिवारी की ओर से सरोजनीनगर थाने में दी गई तहरीर के अनुसार, 11 अगस्त को दोपहर करीब 12:45 बजे आनंद सिविल ड्रेस में घर से इंदिरानगर थाने जाने के लिए निकले थे. शाम तक घर नहीं लौटने और संपर्क नहीं होने पर पत्नी ने उनके मोबाइल पर फोन किया, लेकिन फोन लगातार स्विच ऑफ मिला.
कार घर पर छोड़ी
परिजनों और पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो पता चला कि आनंद मिश्रा अपनी निजी कार घर के बाहर ही छोड़ गए थे. फुटेज में वह हाथ में कपड़ों से भरा बैग लेकर पैदल जाते हुए दिखाई दिए.
इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने उनकी तलाश तेज कर दी.
वाराणसी में मिली लोकेशन
एडीसीपी दक्षिणी बसंथ कुमार रल्लापल्ली के अनुसार, सरोजनीनगर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज करने के साथ सर्विलांस और स्वाट टीम को सक्रिय किया. मोबाइल नंबर की सीडीआर और लोकेशन ट्रेस करने पर उनकी आखिरी सक्रिय लोकेशन वाराणसी में मिली.
पुलिस के अनुसार, वाराणसी में लोकेशन मिलने के बाद मोबाइल बंद हो गया. इसके बाद लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के निर्देश पर एक विशेष टीम को आनंद मिश्रा की सकुशल बरामदगी के लिए वाराणसी भेजा गया है.
पुलिस टीम रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और होटलों के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर उनकी तलाश कर रही है. अधिकारियों का प्रयास है कि लापता दरोगा का जल्द पता लगाया जा सके.


