लखनऊ. उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी ने युवाओं और दलित वोटरों को साधने की दिशा में एक अहम बदलाव किया है. पार्टी की फ्रंटल विंग छात्रसभा के पदाधिकारियों के लिए पारंपरिक लाल रंग की जगह अब नीली जींस और नीली टी-शर्ट को नया ड्रेस कोड बनाया गया है. 8 सितंबर यानी आज लखनऊ में होने वाले छात्रसभा सम्मेलन में पदाधिकारी और कार्यकर्ता इसी ड्रेस में नजर आएंगे.

इसे भी पढ़ें- यूपी में बारिश-बाढ़ का कहर जारी, 49 जिलों में अलर्ट; लखनऊ-बरेली में जलभराव से आफत

लाल से नीला हुआ छात्रसभा का ड्रेस कोड

समाजवादी पार्टी की पहचान लंबे समय से लाल और हरे रंग से जुड़ी रही है. ऐसे में छात्रसभा की ड्रेस में नीले रंग को शामिल करना राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है. नीला रंग दलित राजनीति और डॉ. भीमराव आंबेडकर की विचारधारा से जुड़ा प्रतीक माना जाता है. पार्टी के इस बदलाव को युवाओं के बीच अपनी राजनीतिक पहुंच बढ़ाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है.

पीडीए फॉर्मूले को और मजबूत करने की कोशिश

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पिछले कुछ समय से पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के गठजोड़ पर जोर देते रहे हैं. 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी को इस सामाजिक समीकरण का लाभ भी मिला. अब छात्रसभा के जरिए इसी रणनीति को युवा वर्ग तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है.

दलित और Gen-Z युवाओं पर खास नजर

नई ड्रेस के जरिए पार्टी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में सक्रिय दलित, पिछड़े और सामाजिक न्याय की विचारधारा से प्रभावित युवाओं तक संदेश पहुंचाना चाहती है. पार्टी की कोशिश है कि छात्र राजनीति के माध्यम से युवाओं को संगठन से जोड़ा जाए और उन्हें भविष्य की राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका दी जाए.

इसे भी पढ़ें- ‘DM अंकल, बिजली दिला दो…’ बच्चे का वीडियो वायरल होते ही एक्शन में प्रशासन, बिजली विभाग में मचा हड़कंप

चुनावी तैयारियों के बीच बदलाव के मायने

नई ड्रेस का ऐलान ऐसे समय हुआ है जब यूपी में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सभी दल संगठन मजबूत करने में जुटे हैं. इसलिए छात्रसभा की यूनिफॉर्म में बदलाव को महज संगठनात्मक फैसला नहीं, बल्कि सपा की व्यापक सामाजिक और चुनावी रणनीति के हिस्से के रूप में देखा जा रहा है. नीले रंग के जरिए पार्टी दलित युवाओं के बीच अपनी स्वीकार्यता बढ़ाने और पीडीए के ‘डी’ को और मजबूत करने का संदेश देने की कोशिश कर रही है.