लखनऊ. उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश का सिलसिला मंगलवार(8 सितंबर 2026) को भी जारी है. तड़के लखनऊ और प्रयागराज में बारिश हुई, जबकि कई अन्य शहरों में बादल छाए हुए हैं. सोमवार को प्रदेश के 15 जिलों में तेज बारिश दर्ज की गई. लखनऊ में करीब एक घंटे की बारिश के बाद कई सड़कों पर जलभराव हो गया और यातायात प्रभावित हुआ.

इसे भी पढ़ें- ​6 सेकेंड, 17 फायर और 4 साल बाद बवाल! वीडियो वायरल होते ही दूल्हे राजा के पीछे पड़ी पुलिस

64 जिलों में बारिश, 49 में अलर्ट

पिछले 24 घंटे में प्रदेश के 64 जिलों में बारिश हुई. अमरोहा में सबसे अधिक 75.3 मिमी बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग ने मंगलवार को 49 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. इनमें कानपुर, प्रयागराज और बरेली समेत 20 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है.

बरेली में घरों में घुसा पानी

बरेली के कई पॉश इलाकों में जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई. रेजिडेंसी गार्डन में सड़कें तालाब बन गईं और घरों के बाहर खड़ी बाइक-स्कूटी पानी में डूब गईं. कई घरों में पानी घुसने के बाद कुछ परिवार सुरक्षित स्थानों पर चले गए.

26 जिले बाढ़ की चपेट में

बारिश के साथ प्रदेश के 26 जिलों में बाढ़ का संकट भी बना हुआ है. फर्रुखाबाद में गंगा के कटान से कई पक्के मकान नदी में समा गए हैं. उन्नाव के गांवों में बाढ़ का पानी घुसने से गलियों में नाव चल रही हैं. बिजनौर में गंगा का पानी स्टेट हाईवे के ऊपर से बह रहा है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चित्रकूट के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया.

होमगार्ड भर्ती परीक्षा भी टली

भारी बारिश को देखते हुए यूपी होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा की तारीख भी बदल दी गई है. 8 सितंबर से प्रस्तावित पीईटी अब 14 सितंबर 2026 से शुरू होगी. लखीमपुर और बरेली में भारी बारिश के चलते मंगलवार को कक्षा आठ तक के स्कूल भी बंद रखे गए हैं.

इसे भी पढ़ें- ‘DM अंकल, बिजली दिला दो…’ बच्चे का वीडियो वायरल होते ही एक्शन में प्रशासन, बिजली विभाग में मचा हड़कंप

लखनऊ के मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना बारिश का सिस्टम मध्य प्रदेश की ओर बढ़ रहा है. इसके असर से अगले 24 घंटे तक प्रदेश में तेज बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. इसके बाद सिस्टम कमजोर पड़ने से बारिश में कमी आने की संभावना है.