लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र के नाजिमनगर में सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे 24 वर्षीय सौरभ शर्मा की शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है, जबकि मृतक के भाई ने निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

लखनऊ. पारा थाना क्षेत्र स्थित नाजिमनगर में शनिवार सुबह सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे 24 वर्षीय सौरभ शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मूल रूप से सुलतानपुर जिले के रूपीपुर गांव के निवासी सौरभ किराये के कमरे में रहकर पढ़ाई कर रहे थे. मकान मालकिन ने उन्हें बिस्तर पर अचेत अवस्था में देखा, जिसके बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई.

सूचना मिलने पर सौरभ के छोटे भाई सचिन शर्मा और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे. उन्हें तत्काल किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

छह महीने पहले आए थे लखनऊ

सौरभ शर्मा प्रशासनिक सेवा की परीक्षा की तैयारी करने के लिए करीब छह महीने पहले लखनऊ आए थे. वह नाजिमनगर में किराये के कमरे में रह रहे थे. शनिवार सुबह उन्हें अचेत मिलने के बाद मकान मालकिन ने उनके परिवार को फोन कर घटना की जानकारी दी.

भाई ने की निष्पक्ष जांच की मांग

सौरभ के भाई सचिन शर्मा ने पारा थाने में प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. परिवार की शिकायत के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की पड़ताल शुरू कर दी.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

एसीपी काकोरी के मुताबिक, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनाक्रम से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है. घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. पुलिस मकान मालकिन और आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है.

फिलहाल सौरभ की मौत की वजह स्पष्ट नहीं हुई है. उनकी मौत हार्ट अटैक, किसी विषाक्त पदार्थ के सेवन या किसी अन्य बीमारी के कारण हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा.