हेमंत गुर्जर, देवास। मध्य प्रदेश के देवास में साइबर ठगी के एक मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बैंक अधिकारी बनकर पेंशन कार्ड अपडेट करने और टैक्स में छूट दिलाने का झांसा देकर एलआईसी के एक सेवानिवृत्त कर्मचारी से 6 लाख 3 हजार रुपये की ठगी की गई थी। 

मामले की जांच करते हुए देवास पुलिस करीब 1500 किलोमीटर दूर बिहार के कटिहार जिले पहुंची और 21 वर्षीय आरोपी सचिन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के घर की अलमारी से 5 लाख रुपये नकद भी बरामद किए हैं। 

देवास पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने बताया कि सबूतों के आधार पर आरोपी तक पहुंचा गया। पूछताछ में ठगी के नेटवर्क के तार झारखंड के जामताड़ा से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी की शेष रकम का पता लगाने में जुटी है। 

वहीं, देवास पुलिस के मुताबिक, ई-जीरो एफआईआर के तहत अब तक 130 मामले दर्ज कर 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और 98 लाख 52 हजार रुपये से अधिक की राशि जब्त की गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m