मुंबई के पश्चिमी उपनगर गोरेगांव में आरे मेट्रो स्टेशन के नीचे एक लक्जरी बस में अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया, जिसके कारण चारो तरफ अफरा-तफरी मच गई. गनीमत यह रही कि बस खाली थी और ड्राइवर समय रहते बाहर निकल गया, जिससे कोई हताहत की सूचना नहीं है. आग की ऊंची लपटों के कारण धुएं का बड़ा गुबार ऊपर गोरेगांव मेट्रो स्टेशन के अंदर भर गया.
मुंबई के गोरेगांव आरे मेट्रो स्टेशन के नीचे पश्चिमी द्रुतगति महामार्ग के किनारे खड़ी एक बस में अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते पूरी बस आग की लपटों से घिर गई.
गोरेगांव मेट्रो स्टेशन के पास बस में लगी आग और उससे उठे धुएं के गुबार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. तकनीकी खराबी के बाद ड्राइवर के नीचे उतरते ही बस में जोरदार धमाका हुआ और आग फैल गई. धुआं भरने की वजह से स्टेशन पर मौजूद लोगों स्टेशन से नीचे जाने के लिए कहा गया.
बस में लगी आग का असर आरे मेट्रो स्टेशन तक दिखाई दिया. धुएं और दम घुटने की शिकायत के बाद कुछ यात्रियों को मेट्रो से बाहर निकालकर रास्ते पर लाया गया. सुरक्षा को देखते हुए ट्रेन को रोकना भी पड़ा. ऊंची लपटों और धुएं के गुबार के कारण मेट्रो स्टेशन के आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
दमकल की गाड़ियों को तत्काल मौके पर बुलाया गया. अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी दमकल विभाग को दी गई है और दमकल की टीम मौके पर पहुंच रही है. टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की.
प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, बस में तकनीकी खराबी आने के बाद ड्राइवर नीचे उतर गया था. ड्राइवर के बाहर निकलते ही कुछ ही पलों में बस के अंदर जोरदार धमाका हुआ. मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण के मुताबिक, जब तक स्टेशन से धुआं पूरी तरह बाहर नहीं निकल जाता, तब तक गोरेगांव स्टेशन पर मेट्रो ट्रेनों को नहीं रोका जा रहा है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



