Madan Rathore Controversy: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के कथित पाकिस्तान समर्थक बयान को लेकर राजस्थान में राजनीतिक विवाद जारी है। राजस्थान युवा कांग्रेस के अध्यक्ष पद के चुनाव में सबसे ज्यादा वोट पाने वाले एनएसयूआई के पूर्व अध्यक्ष अभिषेक चौधरी ने शनिवार को जयपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान फिर चेतावनी दी कि जब तक मदन राठौड़ सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, उनका विरोध जारी रहेगा। चौधरी ने इस बयान को देश की अस्मिता से जुड़ा मुद्दा बताया और भाजपा से अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की।

‘माफी मांगने तक जारी रहेगा विरोध’

अभिषेक चौधरी ने कहा कि मदन राठौड़ के कथित पाकिस्तान-प्रेम की वे कड़ी निंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि पहले भी इस मामले में विरोध की चेतावनी दी गई थी। चौधरी के मुताबिक, यह ऐसा राजनीतिक मुद्दा नहीं है जिसे कुछ दिन बाद भुला दिया जाए, बल्कि यह देश की अस्मिता से जुड़ा सवाल है। उन्होंने भाजपा से इस मामले पर अपना रुख स्पष्ट करने और मदन राठौड़ से सार्वजनिक रूप से देश और प्रदेश से माफी मांगने की मांग की।

‘जहां जाएंगे, वहां विरोध करेंगे’

अभिषेक चौधरी ने कहा कि जब तक मदन राठौड़ अपने शब्दों के लिए माफी नहीं मांगते, तब तक युवा कांग्रेस का विरोध जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि मदन राठौड़ जहां-जहां जाएंगे, वहां युवा कांग्रेस कार्यकर्ता उनका विरोध करेंगे। यह बयान ऐसे समय आया है, जब मदन राठौड़ के कथित बयान को लेकर कांग्रेस लगातार सवाल उठा रही है। विवाद के बीच भाजपा प्रदेशाध्यक्ष से माफी की मांग भी जारी है।

दिल्ली की महारैली में राजस्थान से जाएंगे 5,000 कार्यकर्ता

अभिषेक चौधरी ने बताया कि 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की ओर से आयोजित महारैली में शामिल होने के लिए राजस्थान से 5,000 युवा कांग्रेस कार्यकर्ता जाएंगे। उन्होंने कहा कि रैली की तैयारियों को लेकर शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। रविवार को युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब भी जयपुर आएंगे। उनके दौरे के दौरान रैली को लेकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक होगी। चौधरी के मुताबिक, दिल्ली की महारैली में युवा कांग्रेस की बड़ी भागीदारी रहेगी।

पंचायत चुनाव में युवा कांग्रेस की भूमिका पर भी बोले

पंचायत चुनाव में टिकट वितरण को लेकर अभिषेक चौधरी ने कहा कि पार्टी ने युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को महत्व दिया है। उनके मुताबिक, युवा कांग्रेस के कई साथी जिला परिषद और पंचायत समिति के चुनाव कांग्रेस के सिंबल पर लड़ रहे हैं। युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए अब तक साक्षात्कार नहीं होने के सवाल पर चौधरी ने कहा कि यह पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्णय का विषय है। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस का चुनाव लड़ने वाले सभी साथी पार्टी को मजबूत करने के उद्देश्य से काम कर रहे हैं। चौधरी ने यह भी दावा किया कि राजस्थान युवा कांग्रेस के चुनाव में देश का सबसे बड़ा सदस्यता अभियान चलाया गया था।

पढ़ें ये खबरें