Madan Rathore on Rahul Gandhi: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधा है। महिला पुलिसकर्मी के साथ राहुल गांधी के कथित व्यवहार पर सवाल उठाते हुए राठौड़ ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले नेताओं से मर्यादा और गरिमापूर्ण आचरण की अपेक्षा होती है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ राजनीतिक विरोध का मामला नहीं, बल्कि सार्वजनिक जीवन में आचरण और मर्यादा से भी जुड़ा सवाल है।

महिला पुलिसकर्मी के साथ व्यवहार पर उठाए सवाल
मदन राठौड़ ने कहा कि राहुल गांधी राष्ट्रीय राजनीतिक दल के नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता हैं। ऐसे में उन्हें महिला पुलिसकर्मी के साथ व्यवहार करते समय शिष्टाचार और मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए था। उन्होंने कहा कि इस मामले में मीडिया और राजनीतिक दलों को भी सवाल उठाने चाहिए। राठौड़ ने इसे नेताओं के सार्वजनिक आचरण से जुड़ा विषय बताया।
चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन पर कांग्रेस को घेरा
राठौड़ ने कांग्रेस के चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि इस समय ‘चुनाव आयोग वर्सेज कांग्रेस पार्टी’ चल रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को चुनाव आयोग से कोई शिकायत है तो उसे तय प्रक्रिया के तहत आयोग के सामने रखना चाहिए। पांच से सात लोगों का प्रतिनिधिमंडल समय लेकर अधिकारियों से मिल सकता है और अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है।
राठौड़ के मुताबिक, इसके बजाय 300-400 लोगों को लेकर प्रदर्शन करना केवल सुर्खियों में बने रहने की कोशिश है। उन्होंने कांग्रेस के प्रदर्शन को राजनीतिक नौटंकी बताया और कहा कि पार्टी के नेता भी जानते हैं कि इस तरह के प्रदर्शन से निर्वाचन आयोग के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होने वाली।
‘कांग्रेस जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रही’
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस विरोध प्रदर्शन के जरिए जनता के बीच भ्रम पैदा करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं के सामने शिकायत रखने के लिए लोकतांत्रिक और निर्धारित प्रक्रिया मौजूद है। राठौड़ ने राजनीतिक दलों से इसी प्रक्रिया का पालन करने की बात कही।
‘हम सब एक हैं’ के दावे पर भी तंज
कांग्रेस नेताओं की ओर से एकजुटता के दावों पर राठौड़ ने भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि ‘हम सब एक हैं’ कहने की जरूरत उसी को पड़ती है, जिसके मन में एकता को लेकर संदेह हो। राठौड़ ने दावा किया कि सिर्फ एक फ्रेम में साथ खड़े होने से संगठनात्मक एकता साबित नहीं होती। उन्होंने कांग्रेस में मतभेद और मनभेद होने का भी आरोप लगाया।
इस दौरान उन्होंने सचिन पायलट से जुड़े हालिया घटनाक्रम का जिक्र किया। कांग्रेस नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा की ओर से पायलट के बयान को लेकर दिए गए बयानों का हवाला देते हुए राठौड़ ने कांग्रेस की अंदरूनी स्थिति पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि क्या कांग्रेस के नेता सचिन पायलट को बच्चा समझते हैं, जिन्हें बयान देने के लिए पकड़कर लाने की बात कही जाए।
पंचायत चुनाव से पहले BJP का संकल्प पत्र
मदन राठौड़ ने राजस्थान में पंचायत चुनाव को लेकर भाजपा की तैयारियों की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन पूरी तरह सक्रिय है और केंद्र तथा राज्य सरकार के विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने बताया कि 11 अक्टूबर को भाजपा का संकल्प पत्र जारी किया जाएगा। इसमें ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को लेकर पार्टी का रोडमैप सामने रखा जाएगा।
राठौड़ के मुताबिक, भाजपा ग्रामीण इलाकों में विकास और सुविधाओं को मजबूत करने के मुद्दे के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। पार्टी ग्रामीण क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को ध्यान में रखकर संकल्प पत्र तैयार कर रही है।
पढ़ें ये खबरें
- माता वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खबर, नई दिल्ली-कटड़ा के बीच चलेंगी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें; जालंधर कैंट और पठानकोट में भी ठहराव
- फर्जी डिग्री के सहारे 20 साल सरकारी नौकरी! 50 शिक्षकों पर FIR दर्ज करने की तैयारी, DEO ने जारी किए आदेश
- मोरबी हादसा: हाईवे पर भेड़-बकरियों के झुंड को बेकाबू ट्रक ने रौंदा, 25 की मौत, CCTV वायरल
- लखनऊ में सिर पर मटका लेकर सड़कों पर क्यों उतरे कांग्रेसी? हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद हिरासत में प्रदेश अध्यक्ष
- आयुष्मान योजना भुगतान विवाद: MP के निजी अस्पतालों ने स्थगित किया प्रदर्शन, 1000 एंबुलेंस के साथ दिल्ली कूच रद्द

