Rajasthan News: राजस्थान की सियासत में इन दिनों जुबानी जंग का दौर चल रहा है। मंगलवार को जोधपुर पहुंचे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने पूर्व सीएम अशोक गहलोत के आरोपों का करारा जवाब दिया। गहलोत के खरीद-फरोख्त वाले बयान पर राठौड़ ने तीखे तेवर दिखाए।

पुलिस अब मार नहीं खाती
जोधपुर में डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस कार्यक्रम के दौरान मदन राठौड़ ने कहा कि पिछली सरकार में पुलिस की क्या हालत थी, यह सब जानते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि गहलोत राज में पुलिस मार खाकर आती थी। राठौड़ ने दावा किया कि हमारी सरकार में पुलिस पूरी ताकत से कार्रवाई कर रही है। अपराधी जेल की सलाखों के पीछे हैं। कोई भी अपराधी अब खुला नहीं घूम रहा।
पेपर लीक और भ्रष्टाचार पर सीधा प्रहार
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने पुरानी सरकार की नाकामियों को गिनाया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार में 17 पेपर लीक हुए थे। हमारी सरकार आते ही पेपर लीक करने वाले धड़ाधड़ गिरफ्तार किए जा रहे हैं। इतना ही नहीं, जलजीवन मिशन में गड़बड़ी करने वाले मंत्री हों या आरपीएससी के सदस्य, सब जेल में हैं। राठौड़ ने सवाल उठाया कि भ्रष्टाचार के इतने आरोपों के बाद आखिर गहलोत किस मुंह से बात कर रहे हैं।
जनप्रतिनिधियों पर बयान पर भड़के राठौड़
पूर्व सीएम गहलोत ने सांसद और विधायकों की तुलना भेड़-बकरी से की थी। इस पर मदन राठौड़ ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को ऐसा कहना कतई सही नहीं है। उन्होंने याद दिलाया कि गहलोत ने खुद सचिन पायलट को ‘नकारा’ कहा था। तो क्या अब वे उन्हें भी भेड़-बकरी कहेंगे? उन्होंने कहा कि गहलोत को पहले आईने में देखना चाहिए कि उनकी अपनी पार्टी कहां खड़ी है।
गुटबाजी की खबरों को किया खारिज
जोधपुर के विधायकों की आपसी खींचतान की चर्चाओं पर भी राठौड़ ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि हमारे विधायक सब एक हैं। अगर थोड़ी बहुत नाराजगी है, तो वह भी दूर हो जाएगी। हम सब साथ बैठकर खाना भी खाएंगे और काम भी करेंगे। वहीं, हनुमान बेनीवाल द्वारा सीएम भजनलाल शर्मा की जाति पर सवाल उठाने को लेकर भी राठौड़ ने उन्हें आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि जाति पर राजनीति करना बेनीवाल की पुरानी आदत है, उन्हें सिर्फ अपना परिवार ही दिखता है।
पढ़ें ये खबरें
- दूध के विवाद में प्रोफेसर पर चाकू से जानलेवा हमला, सदर अस्पताल में ईलाज जारी
- दूषित पेयजल को लेकर लोगों का भड़का आक्रोश: शिकायत लेकर 40 से ज्यादा महिलाएं पहुंचीं नगर पंचायत, CMO पर ज्ञापन नहीं लेने का आरोप
- पुलिस विभाग में बंपर भर्ती: MPESB ने जारी किया नोटिफिकेशन, इस दिन से शुरू होंगे आवेदन
- सरकारी दफ्तर बना नशे का अड्डा: स्मैक की पुड़िया बेचते पकड़ा गया कृषि विभाग का प्राचार्य, 14 स्मैक टिकट बरामद!
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तीन दिवसीय कोलंबो यात्रा पर, श्रीलंकाई राष्ट्रपति के बयान से पड़ोसी देशों को लगी मिर्ची


