Madan Rathore Social Media Statement: राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने सोशल मीडिया पर फेक वीडियो, भ्रामक सूचनाओं और गलत नैरेटिव को पार्टी के सामने बड़ी चुनौती बताया है। सोमवार को प्रदेश भाजपा सोशल मीडिया की ओर से आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला में उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग हो रहा है और गलत सूचनाओं के जरिए लोगों तक भ्रम फैलाया जा रहा है।

राठौड़ ने अपनी बात रखते हुए यह भी कहा, मैं खुद सोशल मीडिया का भुक्तभोगी हूं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ऐसे कंटेंट का तथ्यों के साथ पर्दाफाश करने की अपील की।
सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर राठौड़ की चिंता
कार्यशाला को संबोधित करते हुए मदन राठौड़ ने कहा कि आज लोग पूरे दिन रील्स देखते हैं। कई बार धन के लालच में गलत कंटेंट भी प्रसारित किया जाता है, जिसका सामाजिक और राजनीतिक दोनों स्तरों पर असर पड़ता है। उन्होंने कहा कि फेक वीडियो और गलत नैरेटिव के जरिए लोगों तक भ्रामक सूचनाएं पहुंचाई जा रही हैं।
राठौड़ ने कार्यकर्ताओं से कहा कि इनका पर्दाफाश करना ही उनकी जीत होगी। उन्होंने सोशल मीडिया के दुरुपयोग को रोकने के लिए कानून बनाने और ऐसा करने वालों के खिलाफ कठोर सजा का प्रावधान करने की जरूरत भी बताई। उन्होंने कहा कि इस विषय को वह संसद में भी उठा चुके हैं।
इन तीन घटनाओं को लेकर सोशल मीडिया पर हुई थी चर्चा
मदन राठौड़ की सोशल मीडिया को लेकर यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब उनके कुछ बयान और सार्वजनिक गतिविधियां पहले भी ऑनलाइन चर्चा और आलोचना का विषय बनीं।
1. सुमन शर्मा पर ‘एक्सपोर्ट क्वालिटी’ टिप्पणी: प्रवासी बिहारी समाज के एक कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सुमन शर्मा को लेकर राठौड़ की ‘एक्सपोर्ट क्वालिटी’ वाली टिप्पणी वायरल हुई थी। इसके अलग-अलग अर्थ निकाले गए और सोशल मीडिया पर उन्हें आलोचना का सामना करना पड़ा।
2. भाजपा नेत्रियों को तेज आवाज में बोलने की नसीहत: अमर जवान ज्योति से स्टैच्यू तक आयोजित रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम के दौरान राठौड़ की भाजपा नेत्रियों को तेज आवाज में बोलने संबंधी टिप्पणी चर्चा में आई थी। कार्यक्रम में उचित दूरी बनाए रखने को लेकर बार-बार कहने के बावजूद दूरी नहीं बनने पर उन्होंने नाराजगी जताई थी और कार्यक्रम छोड़कर चले गए थे। इस घटनाक्रम पर सोशल मीडिया में प्रतिक्रियाएं हुई थीं।
3. भारत-पाकिस्तान मैच पर बयान: भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच को लेकर राठौड़ का बयान भी सोशल मीडिया पर चर्चा में रहा। उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान और अमेरिका के बीच क्रिकेट मैच हो तो हम पाकिस्तान का साथ देंगे। बयान के वीडियो और उसके संदर्भ को लेकर बहस हुई थी। राठौड़ ने इस प्रकरण में वीडियो को गलत संदर्भ में पेश किए जाने पर आपत्ति जताई थी।
कार्यकर्ताओं से बोले- तथ्यों के साथ दें जवाब
राठौड़ ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सोशल मीडिया कार्यशाला में गंभीरता से हिस्सा लें और लोगों तक सही सूचनाएं पहुंचाएं। उनका कहना था कि भाजपा का सोशल मीडिया तंत्र केवल राजनीतिक प्रचार तक सीमित नहीं रहना चाहिए। फेक वीडियो, भ्रामक सूचनाओं और गलत नैरेटिव का जवाब तथ्यों के आधार पर दिया जाना चाहिए।
कार्यशाला में राष्ट्रीय संयोजक दीपक महस्के, सह प्रभारी कुलजीत चहल, प्रदेश संयोजक हीरेन कौशिक सहित सोशल मीडिया टीम के प्रदेश पदाधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे। राठौड़ ने संगठन को सोशल मीडिया के क्षेत्र में अजेय बनाने का आह्वान भी किया।
कांग्रेस की रैली और राहुल गांधी के बयान पर भी साधा निशाना
कार्यशाला के दौरान राठौड़ ने कांग्रेस की रैली में 10 लाख लोगों के जुटने के दावे को कपोल-कल्पित बताया। उन्होंने कहा कि मीडिया से कोई बात छिप नहीं सकती और उसके पास वास्तविक स्थिति सामने लाने के स्रोत होते हैं। राठौड़ ने राहुल गांधी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें मुंगेरीलाल के सपने देखने से कौन रोक सकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लोकतांत्रिक तरीके से चुना हुआ देश का सम्मानित प्रधानमंत्री बताते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में उनकी बड़ी भूमिका है।
आरएलपी की चुनौती पर बोले- हम अपना काम कर रहे हैं
पश्चिमी राजस्थान में आरएलपी के विशेष फोकस को लेकर पूछे गए सवाल पर राठौड़ ने कहा कि चुनौती-वुनौती क्या होती है? वे अपना काम कर रहे हैं और भाजपा अपना काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी का ध्यान संगठन पर है और वह अपने संगठनात्मक काम में जुटी हुई है।
पढ़ें ये खबरें
- न बिल, न खर्च: पीएम सूर्य घर योजना का देश का पहला सौर गांव बना राजनांदगांव जिले का खैरा
- अमित शाह ने हैदराबाद के भाग्य लक्ष्मी मंदिर में की पूजा, BJP के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान की शुरुआत
- दिल्ली-NCR में दिवाली पर जलेंगे ग्रीन पटाखे, सुप्रीम कोर्ट ने दी 2 दिन की छूट
- गंदे पानी को लेकर फूटा वार्डवासियों का गुस्सा: नगर निगम पहुंचकर की नारेबाजी, उग्र आंदोलन की दी चेतावनी
- चीन ने कैरियर किलर मिसाइल से ‘अमेरिकी युद्धपोत’ को उड़ाया! Video जारी किया, मिसाइल की रेंज 4000 किमी

