​मधेपुरा। जिले से एक बेहद शर्मनाक और विचलित करने वाली घटना सामने आई है। शंकरपुर थाना क्षेत्र के हसनपुरा गांव में प्रेम विवाह से नाराज माता-पिता ने अपनी 22 वर्षीय बेटी पूजा कुमारी की बेरहमी से पिटाई की। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें पिता को अपनी बेटी के गले पर पैर रखकर उसे दबाते हुए देखा जा सकता है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

​क्या है पूरा मामला?

पूजा कुमारी ने करीब एक माह पूर्व अपने ही रिश्ते के भतीजे 17 वर्षीय बिट्टू कुमार के साथ प्रेम विवाह कर लिया था। दोनों के घर नजदीक होने के कारण यह रिश्ता दोनों परिवारों और ग्रामीणों को कतई मंजूर नहीं था। विवाद को सुलझाने के लिए बुलाई गई एक स्थानीय पंचायत में प्रेमी जोड़े को अलग करने का फरमान सुनाया गया। पंचायत के फैसले के तहत लड़का पक्ष पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया जिसे लड़की के परिजनों को सौंपा गया। हालांकि यह फैसला भी दंपती के रिश्तों को नहीं तोड़ सका।

​जबरन घर लाकर की बर्बरता

आरोप है कि 8 जून को पूजा की मां उसे उसके ससुराल से बहला-फुसलाकर अपने घर ले आईं। घर पहुंचते ही स्थिति हिंसक हो गई। वायरल वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि मां ने बेटी के बाल पकड़कर उसे जमीन पर पटक दिया वहीं पिता ने दरिंदगी की हद पार करते हुए उसके गले पर अपना पैर रख दिया और दबाने की कोशिश की। लड़की की चीख-पुकार और उसके माता-पिता की क्रूरता ने स्थानीय लोगों को स्तब्ध कर दिया है।

​पुलिस की कार्रवाई और दोनों पक्षों का तर्क

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और युवती को छुड़ाकर अस्पताल पहुंचाया। शंकरपुर थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि पीड़िता के आवेदन और वायरल वीडियो के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।
​दूसरी ओर आरोपी मां दुलारी देवी का कहना है कि बेटी ने परिवार की प्रतिष्ठा को धूमिल किया है। वहीं लड़के के पिता गजेंद्र राजभर का आरोप है कि माता-पिता ने उनकी बहू की जान लेने की कोशिश की थी। उन्होंने कहा कि उनका परिवार पूजा को अपनाने के लिए तैयार है। फिलहाल पुलिस कानूनी प्रक्रिया के तहत साक्ष्यों का मिलान कर रही है। यह घटना सामाजिक कट्टरता और पारिवारिक हिंसा का एक भयावह उदाहरण बनकर सामने आई है।