मोहम्मद करीमुल्लाह, मधुबनी। जिला के रहिका प्रखंड अंतर्गत खरौआ ब्रांच कमिटी के बैनर तले सीपीआईएम खरौआ ब्रांच सचिव कॉमरेड भागवत यादव के निधन पर एक विशाल श्रद्धांजलि सह संकल्प सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में तमाम शीर्ष नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। सोनधारी यादव की अध्यक्षता में आयोजित इस सभा में स्थानीय जनता, मजदूरों और किसानों का भारी जनसैलाब देखने को मिला, जिससे पूरा माहौल गमगीन और क्रांतिकारी नारों से गूंज उठा।

​अपराधियों और प्रशासन के गठजोड़ से चल रहा है बिहार – ललन चौधरी

​सभा को संबोधित करते हुए भाकपा-माकपा के बिहार राज्य सचिव ललन चौधरी ने सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि कॉमरेड भागवत यादव ने आजीवन मार्क्सवादी विचारधारा और लाल झंडे की ताकत के साथ जनहित की लड़ाई लड़ी। गत 27 जुलाई को अपराधियों द्वारा उनकी हत्या कर दी गई, लेकिन कोई भी ताकत हमारी विचारधारा को झुका नहीं सकती।
​उन्होंने सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि आज बिहार में सरकार, प्रशासन और अपराधी मिलकर व्यवस्था चला रहे हैं, जिससे राज्य रसातल में जा चुका है। प्रशासनिक विफलता, बढ़ते अपराध और महंगाई के विरोध में आगामी 10 अगस्त को राष्ट्रव्यापी ‘जेल भरो आंदोलन’ का ऐलान किया गया है, जिसमें न्याय के लिए सभी को एकजुट होकर आगे आना होगा।

शहीद भागवत यादव की कुर्बानी को व्यर्थ नहीं जाने देंगे- मनोज कुमार यादव

​माकपा के मधुबनी जिला सचिव मनोज कुमार यादव ने अपने संबोधन में कहा कि भागवत यादव हमेशा से मजदूर, किसान और नौजवानों के अधिकारों के लिए सामंती ताकतों के खिलाफ अडिग रहे। उनकी यह शहादत कभी व्यर्थ नहीं जाएगी। उन्होंने रहिका के खरौआ क्षेत्र में लाल झंडे को और मजबूत करने का संकल्प लिया।
​ यादव ने दो टूक शब्दों में प्रशासन को चेतावनी देते हुए हत्याकांड में शामिल सभी फरार अपराधियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि कॉमरेड भागवत यादव के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और संगठन को धारदार बनाना ही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
​प्रमुख नेताओं ने साझा किए विचार
​इस संकल्प सभा को सफल बनाने और अपने विचार रखने वालों में माकपा के वरिष्ठ नेता विजय नाथ मिश्र, जिला सचिव मंडल सदस्य दिलीप झा, जिला कमिटी सदस्य बिंदु यादव, हरिहर झा, राम भरोस राय, इंद्रजीत राय, उमेश ठाकुर और राम बाबू यादव समेत कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में दिवंगत नेता के संघर्षों को याद किया और न्याय मिलने तक लड़ाई जारी रखने का संकल्प लिया।