भोपाल। मध्यप्रदेश में पटवारी आज से 3 दिन तक सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। स्वामित्व योजना और राजस्व कार्य में कार्रवाई का विरोध करेंगे। प्रदेश में अब तक दो दर्जन से ज्यादा पटवारियों की सेवा समाप्त हुई है। कार्रवाई वापस नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी है। वहीं पटवारियों के अवकाश से राजस्व कार्य प्रभावित होगा।
नर्मदापुरम में ऑनलाइन काम बंद
दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। जिले में स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन-2026 को लेकर पटवारियों पर हो रही निलंबन, सेवा समाप्ति और अन्य दंडात्मक कार्रवाइयों के विरोध में मध्यप्रदेश पटवारी संघ ने मोर्चा खोल दिया है। संघ के आह्वान पर नर्मदापुरम जिले में आज से पटवारियों ने बुधवार को सभी ऑनलाइन राजस्व कार्य पूरी तरह बंद कर दिए है। पटवारी संघ की नर्मदापुरम जिला इकाई ने कलेक्ट्रेट परिसर में उग्र नारेबाजी करते हुए विरोध दर्ज कराया। इसके बाद राजस्व विभाग के प्रमुख सचिव के नाम एक ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर सीमा बडोले को सौंपा गया।
ये भी पढ़ें: बिजली संविदा कर्मचारियों में आक्रोशः नियमितीकरण की मांग को लेकर आंदोलन का ऐलान, मंत्रियों के बंगलों के बाहर किया सांकेतिक प्रदर्शन
पटवारी संघ ने दी ये चेतावनी
संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि पटवारियों पर की गई दंडात्मक कार्रवाई वापस नहीं ली जाती है, तो गुरुवार से सभी पटवारी सामूहिक अवकाश पर चले जाएंगे। देवास में तीन पटवारियों की सेवा समाप्त करने का कड़ा विरोध करते हुए जिला अध्यक्ष देवेंद्र कदम और इटारसी तहसील अध्यक्ष देवीशरण पटेल ने बताया कि राज्यभर में पटवारियों पर अनुचित दबाव बनाया जा रहा है। संघ का कहना है कि स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन में आ रही व्यावहारिक और कानूनी अड़चनों से सरकार को पहले ही अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद विसंगतियां दूर करने के बजाय पटवारियों को निशाना बनाया जा रहा है।
राजस्व निरीक्षक और तहसीलदार संघ भी इस कार्य पर अपनी आपत्ति दर्ज करा चुके हैं। पटवारियों की हड़ताल और ऑनलाइन कार्य बंद करने से गिरदावरी, किसानों को नामांतरण व दस्तावेजों की नकल और खाद-बीज से जुड़े महत्वपूर्ण राजस्व कार्य पूरी तरह ठप्प होने की आशंका है। ज्ञापन सौंपने के दौरान देवेंद्र कदम, मुकेश गौर, प्रदीप यादव, चेतन वर्मा और राजेश गहरवार समेत संघ के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

