आशुतोष द्विवेदी, रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां लोगों की सेवा के लिए इस्तेमाल होने वाला शासकीय शव वाहन कथित तौर पर बकरी चोरी में उपयोग किया गया। देर रात हुई इस घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शव वाहन के चालक को गिरफ्तार कर लिया है और चोरी की गई बकरियों को बरामद कर लिया है।

बकरीद की रात में चोरी हुई थी बकरियां

मामला गुढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पोखरा का है। बताया जा रहा है कि 28 मई की रात अज्ञात लोगों ने घर के बाहर बंधी छह बकरियों को चोरी कर लिया। घटना के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। देर रात एक वाहन गांव में पहुंचा और बकरियों को उसमें भरकर ले जाया गया। आहट मिलने पर परिजन जागे और वाहन का पीछा भी किया, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गए।

चोरी में सरकारी वाहन का किया इस्तेमाल

घटना की शिकायत मिलने के बाद गुढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि चोरी में इस्तेमाल वाहन एंबुलेंस या शव वाहन जैसा दिखाई दे रहा था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर संदेहियों तक पहुंच बनाई, जिसके बाद शासकीय शव वाहन के चालक राजेश मिश्रा का नाम सामने आया।

दो आरोपी हिरासत में, छह बकरियां बरामद

पुलिस ने आरोपी चालक और उसके एक साथी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने कथित तौर पर चोरी की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई छह बकरियां सीधी जिले के रामपुर नैकिन क्षेत्र के पिपराव गांव से बरामद की गईं। साथ ही चोरी में प्रयुक्त शासकीय शव वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।

फरार आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि इस वारदात में एक संगठित गिरोह शामिल हो सकता है। पूछताछ के दौरान कुछ अन्य संदिग्धों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। डीएसपी उदित मिश्रा कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा। सरकारी संसाधनों के कथित दुरुपयोग से जुड़ा यह मामला कई सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की गई बकरियां बरामद कर ली हैं, वहीं फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m