शिखिल ब्योहार, भोपाल। मध्य प्रदेश (MP Weather Update) में मौसम का मिजाज एक बार फिर तेजी से बदलता नजर आ रहा है। प्रदेश के कई जिलों में अब ठंड का असर साफ तौर पर दिखाई देने लगा है, जबकि कुछ हिस्सों में बादलों के डेरे के कारण हल्की उमस और नमी बनी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात के असर और वर्तमान मौसमी गतिविधियों के चलते अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का यही मिजाज बने रहने की संभावना है।
इन जिलों में गिरा तापमान और बढ़ी ठंड
राजधानी भोपाल सहित रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम और बैतूल जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे यहां ठंड का अहसास होने लगा है। इन क्षेत्रों में दिनभर बादल छाए रह सकते हैं, जिससे रात के समय ठंड में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। वहीं दूसरी ओर, इंदौर और उज्जैन संभाग में धूप, बादलों की आवाजाही और हल्की उमस का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है। इसके अलावा जबलपुर, मंडला, बालाघाट, शहडोल और डिंडौरी संभाग में हल्की नमी और घने बादल छाए हुए हैं।
15 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने आज 1 नवंबर 2026 को प्रदेश के कई पूर्वी जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना जताई है। IMD ने सीधी, सिंगरौली, रीवा, मऊगंज, सतना, मैहर, अनूपपुर, डिंडौरी, शहडोल, उमरिया, बालाघाट, सिवनी, मंडला, पांढुर्णा और छिंदवाड़ा जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन सभी जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और बिजली गिरने का अनुमान है। इसके साथ ही, उत्तर के पांच जिलों मुरैना, भिंड, ग्वालियर, दतिया और शिवपुरी में भी छिटपुट वर्षा होने के आसार हैं।
4 नवंबर तक ऐसा ही बना रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान मौसमी प्रणालियों को देखते हुए आगामी 4 नवंबर तक प्रदेश में मौसम का यह दौर यूं ही जारी रह सकता है। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बूंदाबांदी होने की संभावना है। मौसम विभाग ने विशेषकर येलो अलर्ट वाले जिलों के नागरिकों से सतर्क और सावधान रहने की अपील की है। गौरतलब है कि इस साल मानसून लगभग 100 दिन सक्रिय रहा, जिसके चलते अक्टूबर और नवंबर की शुरुआत में गर्मी, सर्दी और बरसात का मिला-जुला ट्रेंड देखने को मिल रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

