मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को निर्धारित नियमों, मानकों और आवश्यक मान्यता के अनुरूप संचालित कराने को लेकर सरकार की सख्ती लगातार जारी है. मुख्यमंत्री द्वारा स्पष्ट किया गया है कि प्रदेश में किसी भी शिक्षण संस्थान को निर्धारित नियमों एवं मानकों की अनदेखी करते हुए संचालित करने की अनुमति नहीं दी जा सकती. इसी क्रम में उधमसिंह नगर के बाजपुर परगना क्षेत्र में प्रशासन ने आज पांच और मदरसों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया.
आज की कार्रवाई के तहत मदरसा गुलशन इस्लाम, कनोरा-बाजपुर, मदरसा जामिया हनकिया रजा उल उलूम, चकरपुर, मदरसा जामिया फातिमा जेहरा, जगन्नाथपुर-बाजपुर, मदरसा मोईनुल उलूम, मोहल्ला गांधीनगर, केलखेड़ा तथा मदरसा हुज्जतुल इस्लाम, गुमसानी रोड, बाजपुर को सील किया गया. प्रशासन की ओर से की गई यह कार्रवाई संबंधित संस्थानों के संचालन में आवश्यक मान्यता एवं निर्धारित नियमों और मानकों के अनुपालन से जुड़े मामलों की जांच के बाद की गई.
इसे भी पढ़ें : 26 मदरसों को मान्यता, सीएम धामी बोले- अब बच्चों का भविष्य आधुनिक शिक्षा से संवारें
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए यह स्पष्ट किया है कि शिक्षण संस्थानों का संचालन निर्धारित कानूनी एवं प्रशासनिक प्रावधानों के अनुरूप होना चाहिए. सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि विद्यार्थियों को सुरक्षित, व्यवस्थित और निर्धारित शैक्षणिक मानकों के अनुरूप वातावरण उपलब्ध हो तथा किसी भी संस्था को नियमों की अनदेखी कर मनमाने ढंग से संचालित करने की छूट न मिले.
बाजपुर क्षेत्र में पूर्व में भी नियमों के विपरीत अथवा आवश्यक मानकों के अनुरूप संचालित नहीं पाए गए संस्थानों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है. प्रशासन द्वारा अब भी क्षेत्र में संचालित अन्य संस्थानों की स्थिति की जांच की जा रही है. जांच के दौरान यदि कोई अन्य संस्था भी निर्धारित प्रावधानों का उल्लंघन करती हुई पाई जाती है तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.



