प्रदीप मालवीय, उज्जैन। उज्जैन के श्री महाकाल मंदिर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आस्था को मजबूत करने वाली एक सराहनीय घटना सामने आई है। इंदौर से पहुंचे एक श्रद्धालु का लगभग 5 लाख रुपये मूल्य का सोने-हीरे जड़ा ब्रेसलेट मंदिर परिसर में खो गया था, जिसे मंदिर प्रशासन की आईटी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों में बरामद कर सुरक्षित वापस कर दिया।

श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालु का ब्रेसलेट गुम होने की सूचना मिलते ही मंदिर प्रबंध समिति की आईटी शाखा तुरंत सक्रिय हो गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया और आरोपी की पहचान कर ली। आईटी शाखा अधिकारी दीपक परमार के नेतृत्व में कर्मचारी निर्मल सांखला, एसटीएफ रोहित ठाकुर और इंदर सिंह मेवाड़ा ने तुरंत तराना क्षेत्र में पहुंचकर एक व्यक्ति के पास से ब्रेसलेट बरामद किया। बाद में श्रद्धालु को उनका कीमती सामान पूरी तरह सुरक्षित वापस सौंप दिया गया।

ये भी पढ़ें: खंडवा के मनोकामेश्वर हनुमान मंदिर में चोरी: चोरों ने 7 किलो चांदी का मुकुट और 10 हजार रुपये किए गायब, CCTV भी तोड़ा

श्रद्धालु ने मंदिर प्रशासन और आईटी टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। गौरतलब है कि श्री महाकालेश्वर मंदिर में प्रतिदिन लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते है, जिनकी सुरक्षा के लिए मंदिर प्रशासन की ओर से हाई टेक सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाती है। साथ ही डिजिटल फेस डिटेक्टर का भी उपयोग किया जा रहा है, जिससे सुरक्षा सुदृढ़ हो रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m