प्रदीप मालवीय, उज्जैन। Mahamandaleshwar Honey Trap: सदावल रोड स्थित दादूराम आश्रम के महामंडलेश्वर ज्ञानदास पर एक महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। एसपी कार्यालय में महिला ने आवेदन देकर महामंडलेश्वर पर कार्रवाई की मांग की। वहीं महामंडलेश्वर का कहना है कि पूरा मामला हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का है। महाकाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।

सोशल मीडिया से हुआ था परिचय

ज्ञानदास महाराज ने बताया कि महिला से सोशल मीडिया के जरिए परिचय हुआ जहां वह कथित भाई मनीष राठौर के साथ आश्रम में आती थी। महिला ने बताया था कि हम सनातन के लिये काम कर रहे हैं। फिर महिला से व्हाट्सएप कॉल पर बातचीत का दौर शुरू हुआ और इसके बाद वह पैसे उधार मांगने लगी।

उत्तराखंड यात्रा पर ले गई

ज्ञानदास महाराज ने बताया कि महिला ने उन्हें बताया था कि मेरे पास बहुत जमीन है । उत्तराखंड यात्रा पर चलो, खर्च मैं वहन करूंगी । यात्रा से आने पर महाराज से कहा जमीन की फसल नहीं आई है । आने पर रुपए लौटा दूंगी । बाद में फिर उधार रुपए मांगे । मनीष राठौर व महिला ने भोजन पर अपने घर बुलाया । भोजन के बाद सुध-बुध खो जाने पर महाराज के साथ अश्लील फोटो बना लिए फिर फोटो दिखाकर ब्लैकमेल करने लगे ।

गुप्त विवाह कर मांगे 25 लाख रुपए

ज्ञानदास बताते हैं कि उन्होंने 5 मई 2026 को ब्राह्मण व पांच लोगों के समक्ष शादी की रस्म मंदिर में पूरी की । मैंने होश हवास में कभी उक्त महिला के साथ संबंध नहीं बनाए । कुछ दिनों बाद महिला ने कहा कि मैं आपकी पत्नी हूं, मुझे मेरा हिस्सा दो । 25 लाख रुपए देकर मामला खत्म कर लो। रुपए देने से मना करने पर धमकाने के लिए भेड़ाघाट भी ले गए।

रुपए नहीं दिए तो ‘राजा रघुवंशी’ बनाने की दी धमकी

महाराज ने बताया कि 7 जुलाई को उनकी तबीयत खराब थी जिसका इलाज चल रहा था। वहां महिला ने उनसे मकान की रजिस्ट्री करने की जिद की और गाड़ी में जबरदस्ती बैठ गई। उसके प्रेमी ने मारपीट कर कहा कि पैसे नहीं दिये तो राजा रघुवंशी बना देंगे और प्रेगनेंसी की रिपोर्ट दिखाकर डराने लगे।

महिला के परिजन बोले- पुलिस मिली हुई

इस संबंध में पीड़िता से संपर्क का प्रयास किया गया तो उनके किसी परिजन ने फोन रिसीव किया। उनका कहना था कि पीडि़ता की तबीयत खराब है। बातचीत करने की स्थिति में नहीं है। महाकाल थाने की पुलिस महाराज से मिली हुई है। पीड़िता द्वारा पुलिस अफसरों के सामने बयान दर्ज कराए जाएंगे।

पुलिस बोली- जांच जारी

दोनों आवेदन की जांच कर रहीं एसआई नेहा सिंह ने बताया कि महिला ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन दिया था। बयानों के लिए महिला को थाने बुलाया लेकिन वह नहीं आईं। ज्ञानदास महाराज के आवेदन पर उनको थाने बुलाया गया। उन्होंने महिला से शादी, रुपए के लेनदेन आदि के सबूत दिखाए थे। दोनों पक्षों के बयान दर्ज होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m