परोपकाराय फलन्ति वृक्षाः परोपकाराय वहन्ति नद्यः।
परोपकाराय दुहन्ति गावः परोपकारार्थमिदं शरीरम्॥

संक्षेप में इस श्लोक का आश्य है जिस तरह वृक्ष, नदियाँ और गाय निस्स्वार्थ परोपकार करते हैं उसी तरह मानव शरीर भी केवल अपने स्वार्थ के लिए नहीं बल्कि दूसरों की सेवा और परोपकार के लिए ही मिला है। 

महाराजा अग्रसेन को अग्रवाल समाज का प्रवर्तक और अग्रोहा के लोक कल्याणकारी शासक के रूप में यश और सम्मान दिया जाता है। परंपराओं में उनकी छवि एक ऐसे राजा की है जिसने सत्ता को वैभव नहीं बल्कि जनसेवा का माध्यम माना। उनका जीवन-दर्शन याद दिलाता है कि किसी भी समाज की वास्तविक समृद्धि धन, व्यापार और भौतिक सुविधाओं से ही नहीं मापी जा सकती। किसी समाज या व्यक्ति की असली पहचान इस बात से होती है कि वह कमजोर, जरूरतमंद और वंचित लोगों के प्रति कितना संवेदनशील है।

भारत की सांस्कृतिक परंपरा ऐसे अनेक महापुरुषों से सुसज्जित है जिन्होंने अपने विचारों, कर्मों और जीवन-दर्शन से समाज को नई दिशा देने का काम किया है। महाराजा अग्रसेन उन्हीं महान व्यक्तित्वों में से एक हैं जिनका स्मरण किसी समाज की गौरवगाथा का उत्सव होने के साथ सामाजिक समानता, आर्थिक सहयोग, अहिंसा, करुणा और जनकल्याण के मूल्यों को पुनर्जीवित करने का अवसर है। 11 अक्टूबर 2026 को समतामूलक समाज, करुणा और लोककल्याण के अमर प्रवर्तक महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर उनके जीवन से जुड़े आदर्शों को वर्तमान समय की चुनौतियों के संदर्भ में समझने और अपनाने के विषय में सोचना चाहिए।

महाराजा अग्रसेन से जुड़ी सबसे प्रसिद्ध परंपराओं में ‘एक ईंट, एक रुपया’ का सिद्धांत सामाजिक दृष्टि से विशेष महत्व का है। मान्यता के अनुसार उनके राज्य में बाहर से आने वाले नए परिवार को राज्य के प्रत्येक परिवार एक ईंट और एक रुपया देते थे। इस सामूहिक सहयोग से नए परिवार को घर बनाने और अपना कारोबार आरंभ करने में मदद मिलती थी। इस परंपरा के भीतर आधुनिक समाज के लिए एक बड़ा संदेश छिपा है। ईंट घर बनाने का प्रतीक है और रुपया आजीविका आरंभ करने का साधन। इस सिद्धांत का इशारा है समाज किसी नए व्यक्ति को केवल सहानुभूति के साथ उन्हें सम्मानपूर्वक अपने पैरों पर खड़ा होने का अवसर भी प्रदान करे।

बेरोजगारी, आर्थिक असमानता, शिक्षा और रोजगार के अवसरों में अंतर जैसी चुनौतियाँ जब सामने हो तब इस सिद्धांत की प्रासंगिकता और बढ़ जाती है। यदि सक्षम व्यक्ति किसी जरूरतमंद युवा को सहायता स्वरूप प्रशिक्षण दिलाने, किसी छोटे उद्यमी को मार्गदर्शन देने या किसी परिवार को रोजगार से जोड़ने में सहयोग करे तो यह उसी भावना का आधुनिक स्वरूप होगा। समाजसेवा का उद्देश्य किसी को हमेशा सहायता पर निर्भर बनाए रखना नहीं बल्कि उसे आत्मनिर्भर बनाना होना चाहिए। यही सहयोग की वह संस्कृति है जो व्यक्ति को सम्मान और समाज को स्थायित्व प्रदान करती है।

भारतीय आध्यात्मिकता का मूल संदेश पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों के अलावा हमारे व्यवहार, विचार और दूसरों के प्रति दृष्टिकोण में दिखाई देता है। महाराजा अग्रसेन से जुड़ी अहिंसा और करुणा की परंपरा इसी व्यापक आध्यात्मिक दृष्टि की याद दिलाती है। धार्मिक मान्यताओं में महाराजा अग्रसेन को पशुबलि का विरोध करने और जीवों के प्रति करुणा का संदेश देने वाले यशस्वी शासक के रूप में भी स्मरण किया जाता है। उनका दृष्टिकोण सिखाता है कि धर्म का उद्देश्य भय पैदा करना नहीं बल्कि मनुष्य के भीतर दया, संयम और जिम्मेदारी की भावना जगाना है।

आज समाज में धार्मिक आस्था का प्रसार दिखाई देता है जिसके तहत मंदिरों में आयोजन होते हैं, शोभायात्राएँ निकलती हैं, पूजा-अर्चना की जाती है। ये सभी परंपराएँ हमारी सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न हिस्सा हैं। इसके साथ यदि गरीब की सहायता, भूखे को भोजन, बच्चों की शिक्षा, महिलाओं का सम्मान और जरूरतमंदों के पुनर्वास का संकल्प भी जुड़ जाए तो धार्मिक उत्सव सामाजिक परिवर्तन का माध्यम बन सकते हैं। महाराजा अग्रसेन की जयंती यही आत्ममंथन करने का अवसर है कि हमारी आस्था हमारे आचरण में कितनी दिखाई देती है।

महाराजा अग्रसेन के आदर्शों में भाईचारे, समानता और सामूहिक सहयोग की भावना विशेष रूप से उल्लेखनीय है। उनसे जुड़ी लोकपरंपराएं ऐसे समाज की कल्पना प्रस्तुत करती हैं जिसमें नए व्यक्ति को अवसर मिले और सामूहिक समृद्धि को महत्व दिया जाए। आज के परिपेक्षय में सामाजिक समानता का अर्थ केवल यह नहीं है कि हम एक-दूसरे के साथ सम्मान से बात करें। सामाजिक समानता का अर्थ यह भी है कि हर बच्चे को शिक्षा का अवसर मिले, हर युवा को अपनी प्रतिभा प्रदर्शन का मंच मिले और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को आगे बढ़ने का मौक़ा मिले। 

समाज की उन्नति तभी संभव है जब उसकी प्रगति का लाभ व्यापक रूप से अंतिम पंक्ति के लोगों तक पहुंचे। एक समाज में जब किसी वर्ग के पास अपार संसाधन हों और दूसरा वर्ग बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करता रहे ऐसी असमानता सामाजिक संतुलन को कमजोर करने वाली होती है।

अग्रसेन जयंती पर समाज के संगठनों, व्यापारिक संस्थानों और सक्षम नागरिकों को कौशल विकास, शिक्षा सहायता, स्वास्थ्य शिविर, रोजगार मार्गदर्शन और जरूरतमंद परिवारों के लिए स्थायी सहयोग जैसी गतिविधियों को प्राथमिकता देनी चाहिए। समाज की एकजुटता का अर्थ एक मंच पर एकत्र होने के अलावा एक-दूसरे के सुख-दुःख में भागीदार बनना भी है। जब समृद्ध व्यक्ति समाज के कमजोर व्यक्ति की उन्नति में योगदान दे तभी सामूहिक गौरव का वास्तविक अर्थ सामने आता है।

महाराजा अग्रसेन के जीवन से जुड़ा लोककल्याणकारी शासन का आदर्श वर्तमान राजनीति के लिए भी महत्वपूर्ण है। लोकतंत्र में सत्ता का उद्देश्य सिर्फ़ न्याय की स्थापना, जनता की सेवा और विकास के अवसरों का विस्तार होना चाहिए। राजनीतिक नेतृत्व की सफलता केवल चुनाव जीतने, बड़ी घोषणाएँ करने या विकास के आँकड़े प्रस्तुत करने को नही मानना चाहिए। वास्तविक परीक्षा इस बात से होती है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक कम से कम बुनियादी सुविधाएँ पहुँच रही हैं या नहीं युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं या नहीं, महिलाओं को सुरक्षा और सम्मान प्राप्त है या नहीं और गरीबों को न्याय मिल रहा है या नहीं।

महाराजा अग्रसेन से जुड़ा लोकहित का विचार जनप्रतिनिधियों के लिए संदेश है कि शासन का केंद्र व्यक्ति विशेष का वैभव नही सिर्फ़ जनता का कल्याण होना चाहिए। करुणा, पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और न्याय किसी भी स्वस्थ लोकतांत्रिक व्यवस्था के आवश्यक आधार होना चाहिए। राजनीति में विचारों का मतभेद स्वाभाविक है लेकिन जनकल्याण के प्रश्न पर समाज को एक जुट होना चाहिए। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, उद्यमिता और सामाजिक सुरक्षा जैसे विषय पर सभी वर्गों की भागीदारी आवश्यक है। महाराजा अग्रसेन के आदर्शों का सच्चा सम्मान तभी होगा जब समाज और राजनीतिक नेतृत्व दोनों सेवा को प्रतिष्ठा तथा उत्तरदायित्व को प्राथमिकता देंगे।

महाराजा अग्रसेन का नाम उन्नत व्यापार, उद्यमिता और सामुदायिक सहयोग की परंपराओं से भी जुड़ा है। उनसे प्रेरणा लेते हुए यह समझी जा सकती है कि आर्थिक उन्नति और नैतिकता एक-दूसरे के विरोधी नहीं बल्कि एक-दूसरे के पूरक हैं। व्यापार केवल लाभ कमाने की प्रक्रिया नहीं है वह रोजगार पैदा करने का एक अवसर भी है। व्यापार परिवारों को आजीविका देता है, बाजार को गति देता है और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देता है। जब-जब व्यापार में ईमानदारी, गुणवत्ता, उचित व्यवहार और सामाजिक जिम्मेदारी का अभाव होने लगता है तब-तब आर्थिक सफलता अपना नैतिक आधार खोने लगती है।

आज के उद्यमियों के सामने नई तकनीक, प्रतिस्पर्धा, वैश्विक बाजार और बदलती उपभोक्ता आवश्यकताओं के रूप में कई चुनौतियाँ हैं। इन परिस्थितियों में महाराजा अग्रसेन के सहयोग और लोककल्याण से जुड़े आदर्शों को आज के तौर पर अपनाया जा सकता है। उद्यमियों के द्वारा युवाओं को अवसर, छोटे कारोबारियों को मार्गदर्शन, कर्मचारियों के अधिकारों का सम्मान और समाज के विकास में योगदान दिया जाना चाहिए। इस पहल से व्यापार की प्रतिष्ठा बढ़ेगी और आर्थिक विकास अधिक समावेशी बनेगा।

आज की महत्वाकांक्षी युवा पीढ़ी नए विचारों, तकनीक, उद्यमिता और वैश्विक अवसरों के माध्यम से आगे बढ़ना चाहती है। अपनी परंपराओं से जोड़ने का सबसे प्रभावी तरीका केवल अतीत की गौरवगाथाएँ सुनाना ही नही होता बल्कि उन परंपराओं के भीतर छिपे जीवनोपयोगी मूल्यों को समझाना है।

महाराजा अग्रसेन की जयंती युवाओं को संदेश देती है कि सफलता का अर्थ व्यक्तिगत उपलब्धियों के साथ दूसरों के लिए अवसर पैदा करना भी है। कुशल नेतृत्व का अर्थ सबसे आगे खड़े होना ही नहीं बल्कि दूसरों को साथ लेकर आगे बढ़ना भी है। धन का महत्व तभी बढ़ता है जब वह सदुपयोग और लोककल्याण के लिए उपयोग किया जा रहा है। यदि देश का युवा उद्यमिता के साथ नैतिकता, प्रतिस्पर्धा के साथ सहयोग और महत्वाकांक्षा के साथ संवेदनशीलता को अपनाएं तो वे अपने परिवार और समाज के साथ राष्ट्र की प्रगति में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

महाराजा अग्रसेन जयंती पर निकाली जा रही शोभायात्राएं, झांकियां, पूजन, हवन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और समाजसेवा के आयोजन हमारी परंपरा को जीवंत बनाने का काम करती हैं। इन आयोजनों का महत्व तब और बढ़ जाता है जब इनके माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन का संदेश प्रसारित हो। महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर केवल उत्सव न मनाया जाए बल्कि कुछ ठोस संकल्प भी लिए जाने चाहिए। उनकी जयंती की सार्थकता इस बात पर है कि कोई संगठन जरूरतमंद विद्यार्थियों की शिक्षा का दायित्व उठाए, कोई समूह युवाओं को रोजगार प्रशिक्षण दे, कोई व्यापारी नए उद्यमियों का मार्गदर्शन करे और कोई परिवार जरूरतमंदों की सहायता को अपनी नियमित जीवनशैली का हिस्सा बनाए।

महाराजा अग्रसेन का स्मरण मात्र हमें समृद्धि के साथ संवेदना, धर्म के साथ करुणा, राजनीति के साथ राजधर्म और सामाजिक गौरव के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश देता है। उनकी जयंती का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब समाज में ‘एक ईंट, एक रुपया’ की भावना दिखाई दे, हमारे व्यवहार में सहयोग, अवसर और आत्मनिर्भरता के रूप में दिखाई देगी। अग्रसेन जयंती पर हम ऐसा समाज बनाने का संकल्प लेना चाहिए जहाँ किसी की गरीबी उसकी प्रगति में बाधा न बने, किसी युवा की प्रतिभा अवसरों के अभाव में न दबे और कोई जरूरतमंद स्वयं को अकेला न समझे। किसी महापुरुष की सबसे बड़ी विरासत महज़ उनकी स्मृति नहीं बल्कि वे मूल्य हैं जिसे अपनाकर समाज अपने वर्तमान को बेहतर और भविष्य को उज्ज्वल बनाता है।

संदीप अखिल

सलाहकार संपादक

न्यूज़ 24 मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़/लल्लूराम डॉट कॉम

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H