महाराष्ट्र। मां के लिए अपने बच्चे का भविष्य कितना बड़ा मकसद हो सकता है, इसकी मिसाल महाराष्ट्र के बीड जिले के अंबाजोगाई में देखने को मिली। यहां 47 वर्षीय रमाबाई रणवीर अपनी बेटी की पढ़ाई की फीस जुटाने के इरादे से दौड़ में उतरीं। पैरों में चप्पल थी, बदन पर साधारण साड़ी और सामने कई युवा प्रतिभागी, लेकिन बेटी की पढ़ाई का जुनून ऐसा था कि रमाबाई ने दौड़ के बीच चप्पल तक उतार दी और नंगे पैर मंजिल की ओर दौड़ती रहीं।
आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और उन्होंने प्रतियोगिता जीत ली। जीत के साथ उन्हें 3,000 रुपये की पुरस्कार राशि मिली, जिसे रमाबाई अपनी बेटी की पढ़ाई पर खर्च करेंगी।
चप्पल बनी रफ्तार में बाधा तो नंगे पैर दौड़ पड़ीं
अंबाजोगाई में भारतीय शिक्षण प्रसारक संस्था के खोलेश्वर एजुकेशनल कॉम्प्लेक्स के ‘अमृत महोत्सव’ के तहत ‘अमृत दौड़’ का आयोजन किया गया था। छत्रपति शिवाजी महाराज चौक से शुरू हुई यह दौड़ भाग्यनगर चौक पर जाकर खत्म हुई।
रमाबाई भी इस प्रतियोगिता में एक सामान्य प्रतिभागी के रूप में शामिल हुई थीं। शुरुआत में उन्होंने चप्पल पहनकर दौड़ना शुरू किया, लेकिन कुछ ही दूरी के बाद चप्पल बार-बार फिसलने लगी। इससे उनकी गति प्रभावित होने लगी। उन्होंने रुकने के बजाय चप्पलें उतारकर हाथ में ले लीं और फिर नंगे पैर ही दौड़ने लगीं।
रास्ते के पत्थरों ने भी नहीं रोका
नंगे पैर दौड़ना आसान नहीं था। सड़क पर मौजूद पत्थर पैरों में चुभ रहे थे और साड़ी को संभालते हुए दौड़ना भी चुनौती थी। बावजूद इसके रमाबाई ने अपनी रफ्तार कम नहीं होने दी।
उनके सामने एक तरफ अनुभवी और युवा प्रतिभागी थे, तो दूसरी तरफ बेटी की पढ़ाई का सपना। इसी लक्ष्य के साथ वह लगातार आगे बढ़ती रहीं और आखिर में सबसे पहले फिनिश लाइन पार कर दी।
3 हजार रुपये बेटी की पढ़ाई के लिए
रमाबाई की जीत के बाद जब उन्हें 3,000 रुपये का नकद पुरस्कार मिला तो उन्होंने साफ कहा कि इस राशि का इस्तेमाल वह अपनी बेटी की पढ़ाई के लिए करेंगी। उनकी इस बात ने आयोजन में मौजूद लोगों को भावुक कर दिया। जिस महिला को शुरुआत में एक साधारण प्रतिभागी समझा जा रहा था, उसने अपने हौसले से पूरी दौड़ का परिणाम बदल दिया।
रमाबाई की कहानी में जीत सिर्फ मैराथन की नहीं थी। उनके लिए यह अपनी बेटी की पढ़ाई के लिए एक और कदम था। साड़ी में नंगे पैर दौड़ती इस मां ने साबित कर दिया कि जब मकसद बच्चे का भविष्य हो, तो रास्ते के कांटे और पत्थर भी हौसले को रोक नहीं सकते।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


