महेंद्रगढ़। हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के गांव बेवल में खेल-खेल में 12 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। घटना के समय उसके माता-पिता मजदूरी करने गए थे और दोनों भाई घर पर अकेले थे। छोटे भाई के पानी लेने बाहर जाने के बाद वह वापस लौटा तो घर का दरवाजा बंद मिला। छत के रास्ते अंदर पहुंचने पर उसने बड़े भाई शुभम को चुन्नी के फंदे से खूंटी पर लटका देखा। सूचना मिलते ही माता-पिता घर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।

मृतक शुभम उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के गांव सुरेनी पापड़ी निवासी अमरपाल का बेटा था। अमरपाल पिछले करीब दो वर्षों से परिवार के साथ गांव बेवल में किराए के मकान में रह रहे हैं और मजदूरी करते हैं। परिवार में पत्नी मोहरकली और दो बेटे शुभम (12) व गौतम (8) थे।
पानी लेने गया था छोटा भाई
अमरपाल के अनुसार, घटना के समय वह और उसकी पत्नी मजदूरी करने गए हुए थे। इसी दौरान गांव के एक व्यक्ति ने उन्हें फोन किया। छोटे बेटे गौतम ने बताया कि उसका बड़ा भाई बरामदे में लगी खूंटी से लटका हुआ है।
इसके बाद अमरपाल और उसकी पत्नी तुरंत घर पहुंचे। वहां शुभम को खूंटी से उतारकर चारपाई पर लिटाया गया था। हालांकि, तब तक उसकी सांसें बंद हो चुकी थीं।
छत के दरवाजे से घर में पहुंचा
गौतम ने बताया कि वह पानी लेने के लिए घर से बाहर गया था। वापस लौटने पर उसे घर का दरवाजा बंद मिला। इसके बाद वह छत वाले दरवाजे से घर के अंदर पहुंचा।
अंदर पहुंचने पर उसने शुभम को चुन्नी के फंदे से खूंटी पर लटका देखा। गौतम ने किसी तरह उसे फंदे से नीचे उतारा और खाट पर लिटा दिया। इसके बाद परिवार को घटना की जानकारी दी गई।
परिजनों ने खेलते समय हादसा होने की बात कही
परिजनों के अनुसार, शुभम खेलते समय खूंटी पर टंगी चुन्नी गले में डालकर खेल रहा था। इसी दौरान फंदा कस गया और दम घुटने से उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने घटना में किसी पर संदेह नहीं जताया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


