कुरुक्षेत्र। शाहाबाद में घर से घूमने निकली 16 वर्षीय छात्रा पूजा पटेल की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। उसका शव ढोला माजरा गांव के पास रेलवे लाइन पर मिला। 4 सितंबर की शाम करीब 7:30 बजे पूजा घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिवार रातभर उसे आसपास तलाशता रहा। शनिवार सुबह रेलवे लाइन पर लड़की का शव मिलने की सूचना के बाद राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) मौके पर पहुंची। पहचान नहीं होने पर शव को LNJP अस्पताल की मॉर्च्युरी में भेजा गया, जहां बाद में परिवार ने उसकी पहचान की।
पूजा न्यू रणजीत नगर की रहने वाली थी। वह 11वीं कक्षा में पढ़ती थी। रेलवे लाइन पर पहचान नहीं होने के कारण GRP ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए LNJP अस्पताल भेज दिया था। बाद में परिवार के लोग मॉर्च्युरी पहुंचे और शव की पहचान पूजा के रूप में की।

पांच भाई-बहनों में सबसे छोटी थी पूजा
पूजा के पिता सुखलाल न्यू रणजीत नगर में रहते हैं और मेहनत-मजदूरी करते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी शादी वर्ष 1998 में हुई थी। उनके पांच बच्चे हैं। सबसे बड़ी बेटी अंकिता शादीशुदा है। इसके बाद रोशनी, चांदनी, बेटा अलोक और सबसे छोटी बेटी पूजा थी।
परिवार के मुताबिक, पूजा 4 सितंबर की शाम अकेले घूमने के लिए घर से निकली थी।
रात 8:30 बजे परिवार को चला पता
सुखलाल के मुताबिक, 4 सितंबर की शाम वह और उनकी पत्नी शाहाबाद में मजदूरी करने गए थे। घर पर बेटा अलोक और बेटी चांदनी मौजूद थे।
रात करीब 8:30 बजे सुखलाल और उनकी पत्नी ने दोनों से पूजा के बारे में पूछा। बच्चों ने बताया कि पूजा घूमने के लिए बाहर गई है। उन्होंने बताया कि पूजा करीब 7:30 बजे घर से निकली थी।
इसके बाद पूजा वापस नहीं आई। परिवार ने आसपास के इलाके में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद सुखलाल ने अपने साले सुरेंद्र कुमार को फोन किया। सुरेंद्र ने भी बताया कि पूजा उनके पास नहीं आई है।
तलाश करते हुए रेलवे लाइन तक पहुंचे
शनिवार को सुरेंद्र कुमार और परिवार के अन्य रिश्तेदार पूजा की तलाश करते हुए ढोला माजरा गांव के पास रेलवे लाइन पर पहुंचे। वहां उनकी मुलाकात रेलवे कर्मी रामलखन से हुई।
रामलखन ने परिवार को बताया कि एक लड़की की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हुई थी। उसके मुताबिक, लड़की रेत से भरी मालगाड़ी की चपेट में आई थी। उसने यह भी बताया कि शव को कुरुक्षेत्र पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
पिता और मामा ने की शव की पहचान
जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मॉर्च्युरी पहुंचे। वहां शव देखकर पिता सुखलाल और मामा सुरेंद्र कुमार ने उसकी पहचान पूजा के रूप में की।
GRP ने पिता के बयान के आधार पर इत्तफाकिया रिपोर्ट दर्ज की। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिवार के हवाले कर दिया गया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


