हरियाणा के महेंद्रगढ़ में एक कलयुगी बेटे ने शराब के नशे में अपनी 70 वर्षीय मां की बेरहमी से हत्या कर दी और खुद 50 फुट गहरे कुएं में छलांग लगा दी, जिसे गंभीर हालत में रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है।
महेंद्रगढ़। रात गहरी थी और मोहल्ले में हर कोई अपने घरों में सोया हुआ था। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि एक घर के भीतर ऐसा खौफनाक घटनाक्रम चल रहा है, जो सुबह होते-होते पूरे इलाके में सनसनी फैला देगा। एक तरफ बुजुर्ग मां की जिंदगी खत्म हो चुकी थी, तो दूसरी तरफ बेटा अंधेरे में ऐसा कदम उठा चुका था, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया।
सुबह होते ही सब्जी मंडी के आसपास अचानक हलचल बढ़ गई। लोगों की नजर एक कुएं पर पड़ी, जहां एक व्यक्ति पड़ा दिखाई दिया। पहले लोगों को लगा कि शायद कोई हादसा हुआ है, लेकिन कुछ देर बाद जब पुलिस पहुंची और जांच शुरू हुई तो कहानी का ऐसा सच सामने आया, जिसने हर किसी के होश उड़ा दिए।
दरअसल, महेंद्रगढ़ शहर के कायमपुरा मोहल्ले में रहने वाले करीब 45 वर्षीय सुनील कुमार पर अपनी 70 वर्षीय मां ब्रह्मादेवी की हत्या का आरोप है। पुलिस के अनुसार, बुधवार-गुरुवार रात करीब 2 बजे के बाद उसने अपनी मां के साथ मारपीट की, जिससे उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद वह खुद सब्जी मंडी के पास शंकर भगवान मंदिर के नजदीक स्थित करीब 50 फुट गहरे कुएं में कूद गया। कुएं में कूड़ा भरा होने के कारण उसकी जान बच गई, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
सुबह सब्जी मंडी पहुंचे लोगों ने उसे कुएं में देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने करीब सुबह 7 बजे उसे बाहर निकालकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने के चलते डॉक्टरों ने उसे पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया।
उधर, जब सुबह ब्रह्मादेवी घर से बाहर नहीं निकलीं तो उनकी जेठानी घर के अंदर गईं। वहां का मंजर देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। महिला का शव घर के भीतर पड़ा था। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, जिसने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आसपास के लोगों और परिजनों का कहना है कि सुनील का अपनी मां के साथ अक्सर झगड़ा होता रहता था। बताया जा रहा है कि वह मजदूरी करता था और अक्सर शराब पीकर घर लौटता था। घर में मां और बेटा दोनों अकेले रहते थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

