Automobile Desk: भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखने वाली महिंद्रा एंड महिंद्रा ने अपनी सबसे लोकप्रिय रफ-एंड-टफ एसयूवी बोलेरो का नया अवतार पेश कर दिया है। कंपनी ने महिंद्रा बोलेरो बोल्ड एडिशन 2026 को बाजार में उतारा है। इस स्पेशल एडिशन के जरिए गाड़ियों के शौकीनों को एक नया विजुअल अपील देने की कोशिश की गई है। इस बार बोलेरो को ज्यादा प्रीमियम और मस्कुलर लुक देने के लिए ब्रॉन्ज थीम का इस्तेमाल किया गया है, जिसके चलते यह एसयूवी सड़कों पर अब और भी ज्यादा आकर्षक नजर आएगी।

एक्सटीरियर में क्या-क्या बदला?
महिंद्रा बोलेरो बोल्ड एडिशन में सबसे बड़ा बदलाव इसके बाहरी डिजाइन और कलर टोन में देखने को मिलता है। गाड़ी के फ्रंट लुक को खास बनाने के लिए इसके बम्पर, फ्रंट ग्रिल और फॉग लैंप के चारों ओर ब्रॉन्ज फिनिश दी गई है। इसके अलावा एसयूवी के अलॉय व्हील्स, साइड डोर क्लैडिंग, रूफ रेल्स और ओआरवीएम कैप्स पर भी ब्रॉन्ज एलिमेंट का नया कॉम्बिनेशन देखने को मिलता है। हालांकि, गाड़ी के ओरिजिनल बॉक्सी और मजबूत बॉडी स्ट्रक्चर में कोई बदलाव नहीं किया गया है, लेकिन इन कॉस्मेटिक अपडेट्स ने इसके दबंग अंदाज को काफी निखार दिया है।
केबिन और फीचर्स में मिले जरूरी अपडेट्स
बात अगर इंटीरियर की करें तो कंपनी ने केबिन के अंदर प्रीमियम फील देने के लिए ब्रॉन्ज एक्सेंट्स के साथ ब्लैक लेदरट सीट्स दी हैं। साथ ही बोल्ड एडिशन बैजिंग वाली स्पेशल फ्लोर मैट्स भी इस पैकेज में शामिल हैं।
ड्राइविंग और पार्किंग को आसान बनाने के लिए इसमें अब रियर व्यू कैमरा भी जोड़ दिया गया है, जो इस एसयूवी के भारी-भरकम साइज को देखते हुए काफी काम का साबित होगा। इसके अलावा वेरिएंट के हिसाब से पावर स्टीयरिंग, पावर विंडोज, मैनुअल एसी और 7-इंच का टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम जैसे फीचर्स मिलते हैं। सुरक्षा के लिहाज से गाड़ी में डुअल एयरबैग्स, एबीएस के साथ ईबीडी, रियर पार्किंग सेंसर्स और इंजन इमॉबिलाइजर जैसे स्टैंडर्ड सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं।
इंजन, गियरबॉक्स और माइलेज
तकनीकी मोर्चे पर महिंद्रा ने इसमें कोई बदलाव नहीं किया है। गाड़ी में पहले से इस्तेमाल होने वाला भरोसेमंद 1.5-लीटर, 3-सिलेंडर mHawk डीजल इंजन दिया गया है। यह इंजन 76 एचपी की अधिकतम पावर और 210 एनएम का पीक टॉर्क जनरेट करता है। पावर ट्रांसमिशन के लिए इसमें 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स और रियर-व्हील ड्राइव सिस्टम मिलता है।
कंपनी के दावे के मुताबिक इसका माइलेज लगभग 16 से 16.5 किमी प्रति लीटर (ARAI) है। वास्तविक ड्राइविंग परिस्थितियों में यह एसयूवी 14 से 15 किमी प्रति लीटर का माइलेज आसानी से दे देती है। लंबी दूरी के सफर के लिए इसमें 60 लीटर की क्षमता वाला फ्यूल टैंक दिया गया है।
कीमत और उपलब्धता
महिंद्रा बोलेरो के स्टैंडर्ड मॉडल की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत B4 बेस वेरिएंट के लिए 8.57 लाख रुपये से शुरू होकर B8 टॉप वेरिएंट के लिए 9.99 लाख रुपये तक जाती है। नया बोल्ड एडिशन दरअसल डीलर-लेवल एक्सेसरी पैक के रूप में ऑफर किया जा रहा है, यानी ग्राहक अपनी पसंद के वेरिएंट के साथ इस बोल्ड पैकेज को चुन सकते हैं। इसके एक्सेसरी पैक की अतिरिक्त कीमत के बारे में जानकारी के लिए ग्राहक सीधे नजदीकी महिंद्रा डीलरशिप से संपर्क कर सकते हैं।

