Automobile Desk: भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में अपनी मजबूत पकड़ रखने वाली दिग्गज वाहन निर्माता कंपनी महिंद्रा अपनी एक और नई एसयूवी पर तेजी से काम कर रही है। महिंद्रा की बहुचर्चित आगामी एसयूवी ‘विज़न एस’ (Vision S) को हाल ही में एक बार फिर भारतीय सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान स्पॉट किया गया है। इस बार इस गाड़ी को हिमाचल प्रदेश की बेहद चुनौतीपूर्ण और दुर्गम स्पीति घाटी के पहाड़ी रास्तों पर देखा गया, जहां कंपनी इसके स्टेबिलिटी और परफॉर्मेंस को परख रही है। कठिन परिस्थितियों में हो रही लगातार टेस्टिंग से यह साफ संकेत मिलता है कि कंपनी इसके प्रोडक्शन-रेडी मॉडल को अंतिम रूप देने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।
इस गाड़ी को पहली बार अगस्त 2025 में एक कॉन्सेप्ट मॉडल के तौर पर पेश किया गया था। महिंद्रा विज़न एस कंपनी के बिल्कुल नए और आधुनिक ‘NU_IQ’ प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी। हालांकि महिंद्रा ने अभी तक इस गाड़ी के आधिकारिक नाम, इंजन विनिर्देशों या सटीक लॉन्च तारीख का औपचारिक ऐलान नहीं किया है, लेकिन ऑटो विशेषज्ञों का मानना है कि इसे 2027 के दौरान बाजार में उतारा जा सकता है।

कैमरे में कैद हुई तस्वीरों में भले ही यह गाड़ी पूरी तरह से केमोफ्लाज (कवर) से ढकी हुई थी, लेकिन इसका बॉक्सी फ्रेम और ऊंचा स्टांस दूर से ही ध्यान खींचता है। विज़न एस का ओवरऑल प्रोफाइल काफी हद तक इसके मूल कॉन्सेप्ट मॉडल से मेल खाता है। इसके फ्रंट लुक की बात करें तो इसमें चौड़ी फ्रंट ग्रिल, वर्टिकल स्लैट्स, आकर्षक एल-शेप्ड हेडलैंप्स और बंपर पर बड़ा एयर इनटेक नजर आता है। साइड प्रोफाइल में चौड़े व्हील आर्चेस, बॉडी क्लैडिंग, फ्लश-टाइप डोर हैंडल और साइड स्टेप्स दिए गए हैं, जो इसे एक रफ-एंड-टफ एसयूवी का रूप देते हैं। इसमें 18-इंच के अलॉय व्हील्स देखने को मिल सकते हैं। रियर लुक में टेलगेट पर लगा स्पेयर व्हील और सीधे कट वाले वर्टिकल टेललैंप्स इसे पारंपरिक ऑफ-रोडिंग गाड़ियों जैसा दमदार लुक प्रदान करते हैं।
इंटीरियर की बात करें तो टेस्टेड मॉडल के केबिन में काफी आधुनिक और प्रीमियम फीचर्स देखने को मिले हैं। डैशबोर्ड पर डुअल-स्क्रीन सेटअप दिया गया है, जिसमें एक बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट डिस्प्ले और दूसरा डिजिटल ड्राइवर कंसोल शामिल है। केबिन के वेंटिलेशन के लिए वर्टिकल स्टाइल के एसी वेंट्स दिए गए हैं। डिजिटल फीचर्स के बावजूद, महिंद्रा ने इसमें दैनिक इस्तेमाल में आने वाले मुख्य फंक्शंस के लिए फिजिकल बटन्स भी बनाए रखे हैं, ताकि गाड़ी चलाते समय ड्राइवर को आसानी रहे।
पावरट्रेन के मामले में, नए NU_IQ फ्लेक्सिबल मॉड्यूलर प्लेटफॉर्म की वजह से इसमें पेट्रोल और डीजल दोनों तरह के इंजन विकल्प मिलने की पूरी संभावना है। इसके साथ ही, भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए महिंद्रा इस प्लेटफॉर्म पर हाइब्रिड या पूर्णतः इलेक्ट्रिक मॉडल भी तैयार कर सकती है। टेस्टिंग के दौरान दिखी गाड़ी में 6-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन देखा गया है, जबकि ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प भी प्रोडक्शन मॉडल में मिलना तय माना जा रहा है। आने वाले महीनों में कंपनी इस एसयूवी के इंजन और अन्य तकनीकी पहलुओं से पर्दा उठा सकती है।

