महोबा में तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटे और उनकी रिश्तेदार महिला की मौत हो गई. तीनों मुंडन संस्कार में शामिल होकर लौट रहे थे, तभी पुन्नियां-गहरौली मोड़ के पास हादसा हुआ.

महोबा. जिले में रविवार शाम पुन्नियां-गहरौली मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई. मृतकों में 45 वर्षीय विमला, उनका 18 वर्षीय बेटा कपिल और विमला की बहन कमला (40) शामिल हैं. तीनों मुंडन संस्कार में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे.

मुंडन संस्कार से लौट रहे थे

विमला हमीरपुर जिले के मौदहा थाना क्षेत्र के पाटनपुर गांव की रहने वाली थीं. उनकी बहन कमला मध्य प्रदेश के चंदला थाना क्षेत्र के वंशिया गांव की निवासी थीं. दोनों महोबा जिले के खरेला थाना क्षेत्र के बरायं गांव में अपने मायके आई थीं.

रविवार को विमला अपने बेटे कपिल, बहन कमला और अन्य परिजनों के साथ रिवई गांव गई थीं. वहां उनके भाई वरदानी के बेटे का मुंडन संस्कार आयोजित था. कार्यक्रम में शामिल होने के बाद विमला, कपिल और कमला बाइक से वापस लौट रहे थे.

तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मारी टक्कर

शाम करीब साढ़े चार बजे पुन्नियां-गहरौली मोड़ के पास गहरौली की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. दुर्घटना में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए.

अस्पताल में तीनों की मौत

हादसे की सूचना मिलने पर खरेला पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया. उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पहले चरखारी और फिर जिला अस्पताल रेफर किया गया.

जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद विमला, कपिल और कमला को मृत घोषित कर दिया. हादसे के बाद परिजनों में शोक छा गया.