तनवीर खान, मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर जिले में रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण मुकुंदपुर क्षेत्र से गुजरने वाली मर्जुआ नदी एक बार फिर पूरे उफान पर आ गई है। नदी का जलस्तर बढ़ने से बेला-गोविंदगढ़ मार्ग पर बना पुल पूरी तरह जलमग्न हो गया और यातायात ठप हो गया। इसके बावजूद एक ट्रक चालक ने बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात करीब 3 बजे जान जोखिम में डालकर ट्रक को उफनती नदी में उतार दिया। बीच धार में पहुंचते ही ट्रक बंद होकर तेज बहाव में फंस गया, जिसके बाद वाहन में सवार तीन लोग छत पर बैठकर मदद की गुहार लगाते रहे।
READ MORE: सिंगरौली: बाइक की टक्कर से साइकिल सवार की मौत, आक्रोशित परिजनों ने शव सड़क पर रख खुटार–रजमिलान मार्ग किया जाम
मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक गोविंदगढ़ से बेला की तरफ जा रहा था। मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी के पास स्थित मर्जुआ नदी के पुल पर कई फीट पानी होने के बावजूद चालक ने भारी लापरवाही बरती। तेज बहाव के बीच नदी के मध्य में ट्रक का इंजन बंद हो गया। देखते ही देखते पानी का स्तर बढ़ने लगा, जिससे घबराकर चालक सलामत खान (पिता अमानत खान, निवासी मझगवां मझौली, सीधी), खलासी अली मोहम्मद और क्लीनर रजा मोहम्मद (दोनों निवासी थाना सेमरिया) ट्रक की छत पर चढ़ गए। रातभर तीनों तेज धार के बीच जिंदगी और मौत के साए में फंसे रहे।
READ MORE: तेज बहाव, पानी में कंटीले तार और छतों पर फंसे लोग… खतरनाक रेस्क्यू कर जवानों ने बचाई 12 की जान
सुबह ग्रामीणों ने जब सैलाब के बीच फंसे ट्रक और उस पर सवार लोगों को देखा, तो तत्काल ताला थाना व मुकुंदपुर चौकी पुलिस को सूचना दी। मुकुंदपुर चौकी प्रभारी सब-इंस्पेक्टर नागेश्वर मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। करीब 6 फीट गहरे पानी और तेज बहाव की परवाह किए बिना एसआई नागेश्वर मिश्रा ने जवानों और ग्रामीणों की मदद से रस्सा बांधा। लगभग दो घंटे तक चले जोखिम भरे रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान पुलिसकर्मी तैरकर ट्रक तक पहुंचे और रस्से के सहारे तीनों युवकों को सुरक्षित किनारे पर ले आए। हालांकि, रेस्क्यू के कुछ ही देर बाद पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए तीनों युवक मौका पाकर वहां से फरार हो गए।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



