अनुज कुमार पांडेय, गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र से महिला एवं बाल अपराध के खिलाफ पुलिस की मुस्तैदी का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां एक गांव में नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म की एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही गोपालगंज पुलिस तुरंत हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर आरोपी को सख्त सजा दिलाने की तैयारी में है।

​त्वरित एक्शन में पुलिस और एफएसएल की टीम

​यह संवेदनशील मामला बीती 30 मई का है। घटना की जानकारी मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 और गोपालपुर थानाध्यक्ष भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल दोतरफा कार्रवाई की। एक तरफ जहां पीड़िता को चिकित्सीय जांच के लिए तुरंत सदर अस्पताल भेजा गया। वहीं, दूसरी तरफ मौके पर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम को बुलाया गया। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना कर कई महत्वपूर्ण वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए हैं, ताकि अदालत में आरोपी के खिलाफ दोषसिद्धि का मामला बेहद मजबूत रहे।

​SIT का गठन और आरोपी की गिरफ्तारी

​मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने त्वरित जांच और आरोपी की धरपकड़ के लिए एसडीपीओ सदर-1 और गोपालपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान टीम का गठन किया। इस विशेष टीम ने तत्परता से छापेमारी करते हुए नामजद मुख्य आरोपी विकास कुशवाहा को धर-दबोचा। पुलिस द्वारा की गई कड़ी पूछताछ में आरोपी विकास कुशवाहा ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है और घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

​’जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत स्पीडी ट्रायल की तैयारी

​इस पूरे मामले पर कड़ा रुख अख्तियार करते हुए एसपी विनय तिवारी ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों को लेकर गोपालगंज पुलिस ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस मामले का अनुसंधान बेहद कम समय में पूरा कर लिया जाएगा। पुलिस अदालत में जल्द से जल्द चार्जशीट दाखिल करेगी।

एसपी ने बताया कि, इस कांड को विशेष रूप से चिन्हित किया गया है। उपलब्ध वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मामले का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करते हुए स्पीडी ट्रायल चलाया जाएगा, ताकि आरोपी विकास कुशवाहा को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया को पूरा करने में जुटी है, और इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय जनता में पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है।

ये भी पढ़ें- जमानत पर जेल से बाहर आए कुख्यात गोविंद शर्मा की गोली मारकर हत्या, कई चर्चित हत्याकांड में आया था नाम