मैनपुरी के एलाऊ थाना क्षेत्र में अपनी पसंद से शादी करने को लेकर चल रहे विवाद के बीच एक पिता ने बेटी साजिया को गोली मार दी. गंभीर रूप से घायल साजिया को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जबकि पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है.
मैनपुरी. एलाऊ थाना क्षेत्र स्थित दिवनपुर शांतिनगर में रविवार दोपहर शादी को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद के बीच एक पिता ने अपनी बेटी साजिया को गोली मार दी. गोली सिर में फंसने से युवती गंभीर रूप से घायल हो गई. जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया. पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है.
शादी को लेकर विवाद
दिवनपुर शांतिनगर निवासी आसिन अपनी बेटी साजिया की शादी अपनी पसंद के युवक से कराना चाहता था, जबकि साजिया किसी दूसरे युवक से प्रेम करती थी. इस बात को लेकर परिवार में करीब डेढ़ महीने से विवाद चल रहा था.
मां ने देखा खून से लथपथ
रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे परिवार के लोग सो रहे थे. साजिया दूसरे कमरे में चारपाई पर लेटी हुई थी, तभी अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी. आवाज सुनकर उसकी मां खैरून निशा कमरे में पहुंचीं तो बेटी जमीन पर खून से लथपथ पड़ी थी और पास में उसका पिता हथियार लेकर खड़ा था.
पत्नी पर भी गोली चलाने की कोशिश
बेटी की हालत देखकर खैरून निशा चीखने लगीं. आरोप है कि इसके बाद आसिन ने उन्हें भी गोली मारने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी अन्य बेटियों के साथ दूसरे कमरे में चली गईं और दरवाजा बंद कर अपनी जान बचाई. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
गोली चलने की सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच के बाद घायल साजिया को जिला अस्पताल भिजवाया. चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया. बताया गया है कि गोली उसके सिर में फंसी हुई है.
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है.

