न्यामुद्दीन अली, अनूपपुर। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय (IGNTU) अमरकंटक एक बार फिर अपनी प्रशासनिक लापरवाही को लेकर विवादों में है। विश्वविद्यालय के गुरु गोविंद सिंह बालक छात्रावास में देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां कमरे की छत पर लगा सीलिंग फैन अचानक एक छात्र के ऊपर गिर गया। इस हादसे में छात्र के सिर पर गंभीर चोट आई है।

मेंटेनेंस के दावों की खुली पोल

मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़ित छात्र पीजी (पोस्ट ग्रेजुएशन) की पढ़ाई कर रहा है। देर रात जब वह अपने हॉस्टल के कमरे में था, तभी अचानक सीलिंग फैन उखड़कर सीधे उसके सिर पर आ गिरा। इस घटना ने विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ग्रामीणों और छात्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा हर साल हॉस्टलों में मेंटेनेंस (रखरखाव) के नाम पर भारी-भरकम बजट खर्च करने का दावा किया जाता है। इसके बावजूद इतनी बड़ी लापरवाही होना यह दर्शाता है कि मेंटेनेंस का काम सिर्फ कागजों तक ही सीमित है।

छात्रों में आक्रोश, प्रशासन से कार्रवाई की मांग

हादसे के बाद हॉस्टल के छात्रों में भारी आक्रोश व्याप्त है। छात्रों का कहना है कि यह कोई मामूली घटना नहीं है, पंखा गिरने से छात्र की जान भी जा सकती थी। इस घटना के बाद अब देखना होगा कि IGNTU विश्वविद्यालय प्रशासन हॉस्टल की बदहाल व्यवस्था और संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों व ठेकेदारों पर क्या कार्रवाई करता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m