अनिल मालवीय, सीहोर। सीहोर-इछावर मार्ग पर डाकपुलिया के समीप शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा होते-होते टल गया। चलती बाइक पर अचानक 11 केवी हाईटेंशन बिजली का तार टूटकर गिर गया, जिससे बाइक में भीषण आग लग गई। हादसे के वक्त बाइक पर सवार पिता और पुत्र ने तत्परता दिखाते हुए कूदकर अपनी जान बचाई, जिससे वे बाल-बाल बच गए।
​

कैसे हुआ हादसा

​प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित पिता के अनुसार वे अपने पुत्र के साथ बाइक पर सवार होकर इछावर रोड से गुजर रहे थे। जैसे ही वे डाकपुलिया के पास पहुंचे, तभी ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन का एक तार टूटकर सीधे उनकी चलती बाइक पर आ गिरा। तार गिरते ही बाइक में जोरदार चिंगारी उठी और देखते ही देखते बाइक ने आग पकड़ ली।
​

पिता-पुत्र ने कूदकर बचाई जान

​बिजली का तार गिरते और आग की लपटें उठते ही पिता और पुत्र ने सूझबूझ का परिचय दिया और तुरंत चलती बाइक से नीचे कूद गए। हालांकि बाइक पूरी तरह से आग की चपेट में आ गई और धू-धू कर जलने लगी, लेकिन गनीमत यह रही कि दोनों सवार सुरक्षित बच गए और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई।


​सड़क किनारे जलकर खाक हुई बाइक

​हादसे के बाद सड़क किनारे खड़ी बाइक आग का गोला बन गई और उसमें से धुएं का गुबार उठने लगा। राहगीरों और आसपास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बाइक काफी हद तक जलकर खाक हो चुकी थी। घटना के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर आवाजाही भी प्रभावित रही।


​बिजली विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल

​घटना के बाद स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के प्रति गहरा आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से जर्जर और ढीले तारों की शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन विभाग द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। यदि समय रहते रखरखाव किया जाता, तो यह बड़ा हादसा टल सकता था। पीड़ितों ने मामले की निष्पक्ष जांच और नुकसान के मुआवजे की मांग की है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m