अंबाला। अंबाला में निर्माणाधीन भवन पर लेंटर डालने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। काम के बीच अचानक सहारा देने वाली बल्ली खिसक गई, जिससे वहां काम कर रहे मजदूर मलबे के नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लेंटर डालते समय अचानक संरचना का संतुलन बिगड़ गया और बल्ली हटते ही स्लैब का हिस्सा नीचे आ गिरा। इस दौरान करीब 6 मजदूर उसकी चपेट में आ गए।


राहत टीम ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत टीम मौके पर पहुंची और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। दबे हुए मजदूरों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर निर्माण कार्य में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।