राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के सिलवानी से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक विरोध प्रदर्शन के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब पुतला दहन के दौरान आग की चपेट में आकर एक कांग्रेस कार्यकर्ता बुरी तरह झुलस गया। यह पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बजरंग चौराहे पर हो रहा था प्रदर्शन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिलवानी के व्यस्ततम बजरंग चौराहे पर विरोध प्रदर्शन के दौरान सीईसी ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाया जा रहा था। इसी प्रक्रिया के बीच अचानक आग ने विकराल रूप ले लिया, जिसकी चपेट में वहां मौजूद एक कांग्रेस कार्यकर्ता आ गया।
घटनास्थल पर मची अफरा-तफरी: आग की चपेट में आने से कार्यकर्ता के झुलसने के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और कुछ देर के लिए भारी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
तत्काल मिली मदद
आसपास मौजूद अन्य कार्यकर्ताओं और लोगों ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास किया और झुलसे हुए कार्यकर्ता को सुरक्षित बाहर निकाला। इस घटना के बाद से स्थानीय स्तर पर विरोध प्रदर्शनों के दौरान सुरक्षा और एहतियात बरतने को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वायरल हो रहे वीडियो में पूरे हादसे की भयावहता साफ तौर पर देखी जा सकती है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

