कुमार इंदर, जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। सुभाष नगर गढ़ा पुरवा रोड पर स्कूल बच्चों को ले जा रही एक वैन को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में वैन में सवार 8 बच्चे घायल हो गए हैं, जिनमें से दो बच्चों को गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार सवार को दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

यह है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस वक्त हुआ जब बच्चे स्कूल वैन से स्कूल जा रहे थे। वैन जैसे ही सुभाष नगर गढ़ा पुरवा रोड पर पहुंची, सामने से आ रही एक कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। घायल बच्चों का अस्पताल में इलाज: हादसे में कुल 8 बच्चे घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से दो बच्चों को ज्यादा चोटें आई हैं, जिनका इलाज जारी है।

ओवरलोडिंग का बड़ा मामला

इस हादसे ने स्कूली वाहनों में सुरक्षा मानकों की धज्जियों उड़ने की पोल खोल दी है। जांच में सामने आया है कि जिस वैन में बच्चे सवार थे, उसकी क्षमता से कहीं अधिक—यानी 17 से ज्यादा बच्चे उस वैन में ठूंस-ठूंसकर भरे गए थे।

किसका है स्कूल और आगे की कार्रवाई?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह वैन ब्रिटिश फोर्ड स्कूल (संचालक अनुराग सोनी) से जुड़ी बताई जा रही है। स्कूल वाहनों में ओवरलोडिंग और लापरवाही का यह गंभीर मामला सामने आने के बाद पालकों में भारी रोष व्याप्त है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ के हत्थे चढ़े कार चालक को अपनी हिरासत में ले लिया है और दुर्घटना के साथ-साथ स्कूल वैन की ओवरलोडिंग के बिंदुओं पर भी मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m