अजयारविंद नामदेव, शहडोल। शहर में शनिवार को एक निर्माणाधीन भवन में उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब छत की ढलाई के दौरान अचानक सेंटरिंग का अगला हिस्सा भरभराकर गिर गया, देखते ही देखते पूरी छत का हिस्सा ध्वस्त हो गया और वहां काम कर रहे कई मजदूर मलबे के साथ नीचे जा गिरे, हादसे में तीन से अधिक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य श्रमिकों को भी चोटें आई हैं।
छत का हिस्सा भरभराकर नीचे गिर पड़ा
घटना शहडोल-बुढार मार्ग स्थित स्क्वायर के पास वार्ड क्रमांक 28 साखी मोहल्ला में क्रिश्चियन अस्पताल के पीछे साईं आईटीआई रोड के समीप निर्माणाधीन अग्रवाल बंधुओं की बिल्डिंग में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भवन की छत की ढलाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक सेंटरिंग का एक हिस्सा जवाब दे गया, जिससे ताजा ढलाई के साथ पूरी छत का हिस्सा भरभराकर नीचे गिर पड़ा। हादसे के समय बड़ी संख्या में मजदूर निर्माण कार्य में लगे हुए थे।
तीन से अधिक मजदूरों की हालत गंभीर
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, स्थानीय लोगों और अन्य मजदूरों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए मलबे में दबे घायलों को बाहर निकाला, सभी घायलों को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि तीन से अधिक मजदूरों की हालत गंभीर बनी हुई है।
तकनीकी लापरवाही माना जा रहा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण सेंटरिंग कमजोर होना या तकनीकी लापरवाही माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा,इस हादसे ने एक बार फिर निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। यदि निर्माण कार्य में लापरवाही या सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

