प्रतीक पटनायक, धमतरी। किसानों के हित में राज्य स्तरीय निरीक्षण दल ने धमतरी जिले में बड़ी कार्रवाई की है। कुरूद स्थित पान सीड्स प्राइवेट लिमिटेड में अनियमितताएं मिलने पर कार्रवाई करते हुए करीब 75 हजार बोरी धान बीज के विक्रय, आपूर्ति और उपयोग पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।

जानकारी के मुताबिक खरीफ सीजन में किसानों को गुणवत्तायुक्त और प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय निरीक्षण दल ने ग्राम बंजारी स्थित कंपनी के बीज प्रोसेसिंग और भंडारण केंद्र का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान बीजों की ग्रेडिंग, प्रोसेसिंग और पैकेजिंग की जानकारी विभाग को नहीं देने, लाइसेंस में स्वीकृत किस्मों के अलावा अन्य किस्मों के बीजों का भंडारण और पैकेजिंग से जुड़ी कई अनियमितताएं सामने आईं।

narayana

जांच के लिए भेजे गए सैंपल, तीन दिन में देना होगा नोटिस का जवाब

इन गड़बड़ियों के बाद परिसर में रखे कच्चे और ग्रेडेड धान बीज के साथ-साथ पैकेजिंग सामग्री के विक्रय, आपूर्ति और उपयोग पर तत्काल रोक लगा दी गई है। वहीं पैक किए गए धान बीज के नमूने जांच के लिए राज्य बीज परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
कंपनी को तीन दिन के भीतर कारण बताओ नोटिस का जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं। कृषि विभाग ने साफ कहा है कि किसानों के हितों की सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण बीजों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आगे भी ऐसे निरीक्षण और सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H