धमतरी। जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना सिहावा पुलिस और वन विभाग ने मिलकर 127 किलो से अधिक गांजा जब्त किया है और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर में नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 20 अप्रैल की शाम सांकरा स्थित फॉरेस्ट नाका पर वन विभाग द्वारा नियमित वाहन चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान एक संदिग्ध सिल्वर रंग की कार (MH10-DQ-4294) को रोककर जांच की गई।

जांच के दौरान वाहन की डिक्की से भूरे रंग के टेप से पैक 62 पैकेट गांजा बरामद हुआ। मौके पर थाना सिहावा पुलिस को बुलाकर गवाहों के सामने विधिवत कार्रवाई की गई। तौल करने पर कुल 127.09 किलोग्राम गांजा मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 63.54 लाख रुपये आंकी गई है।

ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था गांजा

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा के अलावा घटना में प्रयुक्त कार (करीब 9 लाख रुपये), दो मोबाइल फोन (15 हजार रुपये) और 1500 रुपये नगद जब्त किए। कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 72.71 लाख रुपये बताई गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजा ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (ख) (ii) (सी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

गिरफ्तार आरोपी

  • संदीप विष्णु खोत (41 वर्ष), निवासी सांगली, महाराष्ट्र
  • स्वप्नील मुलिक (31 वर्ष), निवासी सांगली, महाराष्ट्र

पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H