प्रतीक पटनायक, धमतरी। जिले में खरीफ सीजन के दौरान खाद की कालाबाजारी और जमाखोरी पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। छापेमार निरीक्षण के दौरान 120 बोरी यूरिया जब्त की गई। साथ ही एक उर्वरक विक्रेता का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया, जबकि कई दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

कृषि विभाग के संचालक राहुल देव के निर्देशन और कलेक्टर के मार्गदर्शन में जिलेभर में विभाग की टीम ने उर्वरक विक्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान 2 जुलाई को धमतरी, कुरूद और मगरलोड विकासखंड के निरीक्षण में भानपुरी स्थित वर्षा कृषि केन्द्र में अवैध रूप से 120 बोरी यूरिया का भंडारण पाया गया। उर्वरक निरीक्षक ने तत्काल पूरे स्टॉक को जब्त कर उसकी बिक्री पर रोक लगा दी है। मामले की जानकारी कलेक्टर को भेज दी गई है और उर्वरक नियंत्रण आदेश एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

narayana

दर्री में लाइसेंस निरस्त, कई कृषि केंद्रों को नोटिस जारी

वहीं ग्राम दर्री स्थित अशोक ट्रेडर्स का लाइसेंस भी तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया। जांच में सामने आया कि लाइसेंस होने के बावजूद पिछले दो वर्षों से प्रतिष्ठान द्वारा उर्वरक व्यवसाय का संचालन नहीं किया जा रहा था, जिसे नियमों का उल्लंघन माना गया। इसके अलावा हनुमान कृषि केन्द्र खरेंगा, उपकार ट्रेडर्स कण्डेल, पवन ट्रेडर्स कण्डेल और अंजनेय कृषि केन्द्र झिरिया में विभिन्न अनियमितताएं मिलने पर संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। जवाब मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H